नाबालिग अपहरण मामले में आरोपी गिरफ्तार:गोपालपुर से अपहृत दोनों लड़कियां मीरगंज से बरामद

गोपालपुर पुलिस ने नाबालिग अपहरण मामले में पुलिस ने पूर्णिया जिले के मीरगंज से दो अपहृत नाबालिग लड़कियों को सकुशल बरामद कर लिया है। इस मामले में एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है। यह मामला 16 जून 2023 को गोपालपुर थाना में दर्ज किया गया था। वादिनी ने आरोप लगाया था कि गांव के रजनीकांत चौधरी ने उनकी दो नाबालिग बेटियों का अपहरण कर लिया है। इसके बाद गोपालपुर थाना कांड संख्या 288/23 के तहत धारा 363/366(ए)/34 भादवि के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचनाओं के आधार पर लगातार छापेमारी की। इसी क्रम में शुक्रवार को पूर्णिया जिले के मीरगंज से दोनों नाबालिगों को सुरक्षित बरामद किया गया। इस अपहरण कांड में शामिल आरोपी रजनीकांत चौधरी, जो कालिंदी नगर, गोपालपुर, भागलपुर निवासी उमाकांत चौधरी का पुत्र है, उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया है। गोपालपुर थाना प्रभारी मिथिलेश कुमार ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और दोनों लड़कियों को सुरक्षित बरामद कर लिया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *