सारण जिले के एकमा थाना क्षेत्र के फुचटी कला गांव में दो मंदिरों में चोरी की घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों ने शिव मंदिर और राम-जानकी मंदिर को निशाना बनाया। इस घटना के बाद इलाके में धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। मंदिर के पुजारी संजय मिश्रा ने शुक्रवार को इस संबंध में आवेदन दिया। उन्होंने बताया कि शिव मंदिर से चोरों ने घंटा, घड़ी और दानपात्र चुरा लिया। वहीं, राम-जानकी मंदिर से पुजारी का मोबाइल, घड़ी और लगभग पांच हजार रुपये नकद सहित कुल 15 हजार रुपये मूल्य की संपत्ति चोरी हुई है। पुजारी संजय मिश्रा की शिकायत पर एकमा थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आसपास के क्षेत्रों में छानबीन की जा रही है। प्रभारी थानाध्यक्ष विनायक राम ने बताया कि पुजारी के आवेदन के बाद पुलिस जांच में जुट गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही घटना का खुलासा कर लिया जाएगा।