मोहली में थार पर स्टंटबाजी एक युवक को भारी पड़ गई। हादसे के बाद दोस्तों ने उसे अधमरी हालत में गली में फेंकने की कोशिश की। हालांकि गली के कुत्तों के फौंकने पर लोगों को शक हुआ तो मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोस्तों को पकड़ लिया। उनको धमकाने पर दोस्त उसे अस्पताल ले जाने की बात कहकर ले गए। लेकिन अस्पताल में भर्ती नहीं कराया। परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है और उसको होश नहीं आया है। परिजनों ने जानबूझकर घायल करने की आशंका जताई है। क्योकिं उसके सिर में गंभीर चोट लगी है। डॉक्टरों ने ब्रेन हैमरेज और मल्टीपल फ्रैक्चर बताया है। पुलिस पोस्ट सन्नी एंक्लेव के इंचार्ज हरदीप सिंह ने बताया कि उन्होंने परिजनों से बात की है। परिजनों ने लिखकर दिया है कि वे पहले इलाज करवाएंगे और बाद में बयान दर्ज करवाएंगे। उन्होंने कहा कि बयान दर्ज होने के बाद ही एफआईआर दर्ज करना संभव होगा और जांच जारी है। (पढ़ें पूरी खबर) लुधियाना के रेस्टोरेंट में हंगामा, नूडल्स में निकला कॉकरोच लुधियाना के पॉश इलाके भारत नगर चौक स्थित एक्सप्रेस वेजीटेरियन रेस्टोरेंट में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक ग्राहक की खाने की थाली में कॉकरोच मिला। घटना के बाद रेस्टोरेंट में काफी देर तक हंगामा हुआ। जब संचालक से पक्ष जानना चाहा तो वह जिम्मेदारी स्वीकारने के बजाय उलझ गया। ग्राहक रेस्टोरेंट में बुफे थाली (220 रुपए) खा रहा था। इसी दौरान उसे नूडल्स के अंदर एक कॉकरोच दिखाई दिया। ग्राहक ने तुरंत शोर मचाया और रेस्टोरेंट के मालिक को मौके पर बुलाकर कॉकरोच दिखाया। आरोप है कि संचालक ने चुपचाप कॉकरोच उठाया और बाहर फेंक दिया। पूरी घटना का वीडियो मौके पर लोगों ने बना लिया। (पढ़ें पूरी खबर) बरनाला में चचेरे भाई-भतीजे ने की युवक की हत्या बरनाला जिले में पुलिस ने लगभग छह महीने पुराने एक हत्या के मामले को सुलझा लिया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। डीएसपी सिटी सतबीर सिंह बैंस ने बताया कि यह 6 नवंबर 2025 को थाना धनौला में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ हत्या के आरोप में दर्ज किया गया था। हरजिंदर सिंह उर्फ काला की हत्या में धनौला निवासी गुरप्रीत सिंह (मृतक का चचेरा भाई), हरप्रीत सिंह (तारा का बेटा) और हरविंदर सिंह (भतीजा) का हाथ पाया गया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों और मृतक के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद था। कुछ समय पहले उन्होंने एक साझा प्लांट बेचा था, जिसमें 7 लाख रुपए के बंटवारे को लेकर अनबन हो गई थी। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आरोपी मृतक से पैसे मांगते थे, लेकिन हरजिंदर सिंह ने उन्हें पैसे देने से इनकार कर दिया था। (पढ़ें पूरी खबर) लुधियाना में खुले गटर में गिरा बच्चा, खेलते समय हुआ हादसा लुधियाना के समराला चौक के पास एक बड़ा हादसा टल गया, जब सड़क किनारे खुले गटर में एक मासूम बच्चा गिर गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। लोगों ने नगर निगम प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि खुले गटर से हादसे का खतरा है। दुकानदार लवप्रीत सिंह ने बताया कि बच्चा अपने साथियों के साथ पास में खेल रहा था। खेलते समय अचानक उसका पैर फिसला और वह खुले गटर में जा गिरा। बच्चे के गिरते ही उसके साथ खेल रहे अन्य बच्चों ने शोर मचाना शुरू कर दिया और आसपास के लोगों को मदद के लिए बुलाया। (पढ़ें पूरी खबर) मोगा में बच्ची को पेड़ से लटका कर मार डाला मोगा के लुहारा भट्ठे पर काम करने वाले एक प्रवासी मजदूर की 8 वर्षीय बेटी की हत्या का मामला सामने आया है। बच्ची को पेड़ से लटकाकर मारा गया। इस मामले में कोट ईसे खां पुलिस ने आरोपी मनप्रीत सिंह उर्फ रिंकू को गिरफ्तार कर लिया है। बच्ची अपनी चेचेरी बहन के साथ मजार पर गई थी। रास्ते में आरोपी दोनों को साइकिल पर बैठाकर ले गया। आगे उसने बच्ची को गले में कपड़ा बांधकर पेड़ से लटका दिया। बहन का शोर सुनकर जबतक परिजन पहुंचे आरोपी भाग निकला। बेटी को पेड़ से उतारा लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। (पढ़ें पूरी खबर)
खालिस्तान समर्थक MP अमृतपाल पंजाब चुनाव में CM फेस होंगे खालिस्तानी समर्थक MP अमृतपाल सिंह पंजाब में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव में सीएम फेस होंगे। अकाली दल वारिस पंजाब दे ने इसकी घोषणा की। प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए पार्टी नेताओं ने कहा कि डिब्रूगढ़ जेल में बंद खालिस्तानी समर्थक एमपी पर झूठे आरोप लगाए गए हैं। नेताओं ने कहा कि अमृतपाल सिंह पर जानबूझकर NSA (नेशनल सिक्योरिटी एक्ट) लगाया गया था ताकि उन्हें पंजाब की राजनीति से दूर रखा जा सके। पढ़ें पूरी खबर… विरोध के बाद ‘लॉरेंस ऑफ पंजाब’ वेब सीरीज पर रोक लॉरेंस आफ पंजाब डॉक्यूमेंट्री सीरीज लॉरेंज आफ पंजाब अब रिलीज नहीं होगी। यह 27 अप्रैल को रिलीज होनी थी। केंद्र सरकार की तरफ से यह रोक लगाई गई। इससे पहले पंजाब पुलिस ने भी केंद्र सरकार को पत्र लिख था। जिसमें कहा था कि अगर डॉक्यूमेंट्री रिलीज होती है तो पंजाब का माहौल खराब हो सकता है। जबकि कांग्रेस प्रधान व सांसद अमरिदंर सिंह राजा वड़िंग ने इस मामले में पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में केस दायर किया था। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर कहा था कि इस पर तुरंत रोक लगाई जानी चाहिए। इसे लेकर लॉरेंस के परिवार ने भी विरोध जताया था। इस सीरीज के कंटेंट, इसके निर्माण की प्रक्रिया और रिलीज होने के समय पर सवाल खड़े किए थे। परिवार का कहना था कि यह सीरीज न केवल तथ्यों से परे है, बल्कि न्यायिक प्रणाली और पंजाब की गौरवशाली संस्कृति का भी अपमान करती है। वेब सीरिज बनाने के लिए न तो परिवार से परमिशन ली गई है और न ही सरकार से। लॉरेंस के चाचा रमेश का कहना है कि फिल्म के प्रोड्यूसर पर इस मामले में सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। पढ़ें पूरी खबर…. पटियाला में 15 फीट ऊंची टंकी से फिसलकर लेडी ASI की मौत पटियाला के कमांडो कॉम्प्लेक्स में वीरवार को कसरत के दौरान पैर फिसलने के कारण पानी की टंकी से गिरकर सब-इंस्पेक्टर (एसआई) गुलशन कौर की मौत हो गई। कपूरथला की रहने वाली गुलशन कौर की भर्ती वर्ष 2023 में हुई थी और वह 15 मार्च 2026 को कमांडो ट्रेनिंग के लिए यहां आई थीं। थाना सदर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर वारिसों के हवाले कर दिया था। मामले में परिवार वालों के बयान पर धारा 194 बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है। थाना सदर पटियाला के इंचार्ज गुरमीत सिंह के अनुसार एसआई गुलशन कौर खेलों में जाना चाहती थी, इसलिए वो रोजाना अपनी महिला साथी के साथ कसरत करती थी। इस दौरान वो दोनों क्वाटरों के नजदीक करीब 15 फीट ऊंची टंकी की सीढ़ियां उतरती व चढ़ती। वीरवार को गुलशन कौर की महिला साथी कुछ लेट हो गई इस कारण वह अकेली ही अभ्यास कर रही थीं। इसी बीच पैर फिसलने के कारण वह पानी की टंकी से नीचे गिर गईं। इस हादसे में एसआई गुलशन कौर के सिर में गंभीर चोट आई और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। पठानकोट में कार ने स्कूटी सवार दंपती कुचले, पत्नी की मौत पठानकोट के टैंक चौक (काठवाला पुल) के पास वीरवार देर रात एक तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवार दंपती को पीछे से टक्कर मार दी। कार स्कूटी को काफी दूर तक घसीटती ले गई। इस हादसे में स्कूटी पर पीछे बैठी महिला की मौके पर ही मौत हो गई जबकि पति गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक महिला की पहचान शमां काटल (46) निवासी गांव जसवाल लाहड़ी के रूप में हुई है। घायल पति युद्धवीर सिंह काटल ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ गांव बुंगल में अपने रिश्तेदारों से मिलकर वापस अपने घर लौट रहे थे। पढ़ें पूरी खबर….