संगरूर में ज्योतिषी ने 5.5 तोले सोने के गहने ठगे:घर के दिक्कतों को दूर करने का दिया झांसा, पूजा के बहाने लिया जेवर, चालाकी से बदला

संगरूर के भवानीगढ़ में एक कथित ज्योतिषी ने पूजा-पाठ के नाम पर एक परिवार से 5.5 तोले सोने के गहने ठग लिए। आरोपी ने परिवार की समस्याओं को दूर करने का झांसा देकर हवन करवाने के बहाने यह धोखाधड़ी की। पुलिस ने पीड़ित के बयान पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान मुकेश कुमार शर्मा उर्फ ज्योतिषी के रूप में हुई है। उसने सितंबर 2025 में भवानीगढ़ में अपनी दुकान खोली थी। वह लोगों को घर की समस्याएं दूर करने, ग्रह दोष खत्म करने और सुख-शांति लाने का दावा करता था। इसी दौरान उसने गुलाब सिंह और उनकी पत्नी को अपने झांसे में ले लिया। गहनों से अनुष्ठान करने की बात कही पीड़ित गुलाब सिंह ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने उनके घर में चल रही परेशानियों को खत्म करने के लिए विशेष पूजा और हवन करवाने की सलाह दी। ज्योतिषी ने कहा कि पूजा सफल करने के लिए घर के सोने के गहनों को एक पोटली में बांधकर रखना होगा, ताकि उन पर धार्मिक क्रिया की जा सके। पूजा के लिए पोटली में दिए गहने, चालाकी से बदल दिया 17 सितंबर 2025 को आरोपी ने पूजा के बहाने गुलाब सिंह और उनकी पत्नी से करीब 5.5 तोले सोने के गहने लेकर एक पोटली में बंधवा लिए। इसके बाद 20 सितंबर 2025 को आरोपी ने चालाकी से असली गहनों वाली पोटली बदल दी और उसमें चूहारे रख दिए। परिवार को इस धोखाधड़ी की तुरंत भनक नहीं लगी। कुछ समय बाद जब परिवार ने पोटली खोली तो उसमें सोने के गहनों की जगह चूहारे मिले। ठगी के बाद मोबाइल बंद, दुकानबंद कर फरार धोखाधड़ी जानकारी पर परिवार ने आरोपी से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसका मोबाइल फोन बंद आने लगा। उसकी दुकान पर पहुंचे तो वह दुकान खाली करके फरार हो चुका था। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी मुकेश कुमार शर्मा के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की तलाश जारी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *