छत्तरगाछ रेफरल अस्पताल में डॉक्टर अनुपस्थित:पेट दर्द और प्रसव पीड़ा से जूझते मरीजों को नहीं मिला उपचार, DM ने मामले का संज्ञान लिया

पोठिया प्रखंड के छत्तरगाछ रेफरल अस्पताल में डॉक्टरों की लापरवाही का मामला सामने आया है। सोमवार, 27 अप्रैल की शाम ड्यूटी पर डॉक्टरों के अनुपस्थित रहने के कारण मरीजों को बिना इलाज लौटना पड़ा, जिससे उन्हें भारी परेशानी हुई। मियाबस्ती निवासी अली जफर पेट दर्द से परेशान होकर रात 8:30 बजे अस्पताल पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि दर्द से तड़पते हुए भी उन्हें कोई डॉक्टर नहीं मिला। अस्पताल कर्मियों से पूछने पर भी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई, जिसके बाद उन्हें बिना इलाज के ही वापस लौटना पड़ा और बाहर से दवा लेनी पड़ी। इसी तरह, परलाबाड़ी पंचायत के शाहबाज आलम अपनी बहन को प्रसव पीड़ा के दौरान शाम करीब 5 बजे अस्पताल लाए थे। परिजनों ने आरोप लगाया कि उस समय भी अस्पताल में कोई डॉक्टर मौजूद नहीं था। महिला मरीज को काफी परेशानी झेलनी पड़ी और केवल एएनएम के सहारे काम चलाया जा रहा था। मरीजों और उनके परिजनों का कहना है कि छत्तरगाछ रेफरल अस्पताल में डॉक्टरों की अनुपस्थिति कोई नई बात नहीं है। यह समस्या लंबे समय से चली आ रही है, जिसके कारण कई बार मरीजों को समय पर इलाज नहीं मिल पाता और उनकी जान जोखिम में पड़ जाती है। इस मामले में किशनगंज के जिला पदाधिकारी विशाल राज ने जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। वहीं, अस्पताल के नाइट गार्ड रमेश राम ने बताया कि प्रभारी डॉक्टर की ड्यूटी थी, लेकिन वे किसी कार्य से दिन में जिला मुख्यालय गए हुए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *