हरियाणा से BJP की राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। बिश्नोई समाज ने हरियाणा के बाद राजस्थान और पंजाब में भी रेखा शर्मा का विरोध शुरू कर दिया है। आज हरियाणा की फतेहाबाद, राजस्थान और पंजाब की बिश्नोई सभाओं ने कड़ा रुख अपनाते हुए सांसद से 5 दिन के भीतर सार्वजनिक माफी की मांग की है। समाज ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते माफी नहीं मांगी गई, तो सांसद के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की जाएगी। रेखा शर्मा के ऊपर FIR दर्ज करवाई जाएगी। सोमवार को फतेहाबाद के श्री गुरु जम्भेश्वर बिश्नोई मंदिर में जिला प्रधान संजय खिचड़ की अध्यक्षता में एक अहम बैठक हुई। इसमें फतेहाबाद, रतिया, टोहाना और बीकानेर सहित कई क्षेत्रों के पदाधिकारी शामिल हुए। सांसद की टिप्पणी पर जताया रोष बैठक में 24 अप्रैल को पंचकूला मेयर चुनाव की जनसभा के दौरान दी गई सांसद की टिप्पणी पर रोष जताया गया। फतेहाबाद की बैठक में रतिया प्रधान राम स्वरूप बेनीवाल, टोहाना प्रधान बलदेव लोहमरोड़, जिला परिषद चेयरमैन प्रतिनिधि सुभाष खिचड़, सरपंच अरविंद सिहाग (रत्ताखेड़ा), सरपंच बंसीलाल (खारा खेड़ी), हंसराज ढूकिया सहित समाज के सैकड़ों गणमान्य लोग उपस्थित रहे। संजय खिचड़ ने कहा- चौधरी भजनलाल बिश्नोई रत्न और युगपुरुष थे। उन्होंने 36 बिरादरी का सम्मान किया। सांसद रेखा शर्मा के कटु वचनों से न केवल बिश्नोई समाज, बल्कि सर्वसमाज की भावनाएं आहत हुई हैं। लोकतांत्रिक गरिमा बनाए रखने के लिए उन्हें सार्वजनिक मंच से माफी मांगनी चाहिए। पंजाब बिश्नोई सभा ने भी जताया विरोध इधर, बिश्नोई सभा-पंजाब (अबोहर) ने भी पत्र जारी कर सांसद के बयान को नैतिक दिवालियापन करार दिया है। सभा के अध्यक्ष सुभाष डेलू ने कहा कि राजनीति में विरोध और मतभेद हो सकते हैं, लेकिन जो व्यक्ति दुनिया में नहीं है, उस पर झूठे आरोप लगाना कायरता है। आज चंडीगढ़ में CM से मिलेंगे पनिहार वहीं मामले को हिसार की नलवा सीट से विधायक एवं कुलदीप बिश्नोई के करीबी रणधीर पनिहार आज चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री नायब सैनी से मुलाकात करेंगे। पनिहार ने दैनिक भास्कर एप से बातचीत में कहा कि उन्होंने सुबह मुख्यमंत्री से मिलने का समय लिया है। सोमवार को सदन की कार्यवाही के चलते मुख्यमंत्री से मुलाकात नहीं हो पाई थी। सांसद से 5 दिन में माफी मांगने को कहा बिश्नोई समाज की ओर से सांसद को चेतावनी दी गई है कि अगर 5 दिन में माफी नहीं मांगी, तो समाज हर जिले में विरोध जताएगा और कानूनी कार्रवाई करेगी। इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष और हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की जाएगी। राजस्थान में बिश्नोई समाज के नेताओं ने जताया विरोध… राजस्थान में बिश्नोई समाज के बड़े नेता पप्पूराम डारा ने कहा कि स्व. चौधरी भजनलाल बिश्नोई पर रेखा शर्मा का दिया गया बयान अत्यंत निंदनीय और शर्मनाक है। यह न केवल हरियाणा प्रदेश, बल्कि पूरे बिश्नोई समाज की भावनाओं को गहरी ठेस पहुंचाने वाला है। एक राज्यसभा सांसद से इस प्रकार का गैरजिम्मेदाराना बयान उनकी राजनीतिक सोच और परिपक्वता पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है। ऐसे में संबंधित पार्टी को इस विषय को गंभीरता से लेते हुए उचित कार्रवाई करनी चाहिए। वहीं राजस्थान से अखिल भारतीय बिश्नोई महासभा के पूर्व राष्ट्रीय प्रधान एवं जोधपुर की लूणी विधानसभा से पूर्व विधायक मलखान बिश्नोई ने कहा कि चौधरी भजनलाल बिश्नोई पर रेखा शर्मा द्वारा की गई टिप्पणी से पूरा बिश्नोई समाज आहत है। भजनलाल 36 बिरादरी के नेता थे। रेखा शर्मा को अपने बयान पर माफी मांगनी चाहिए।