यमुनानगर में प्रीति सुसाइड केस में पड़ोसन आई सामने:अवैध रिश्ते से किया इनकार, मायके पक्ष की बच्चों के नाम प्रॉपर्टी कराने की मांग

यमुनानगर शहर में 28 वर्षीय प्रीति के सुसाइड केस में लगातार नई-नई बातें सामने आ रही हैं। मृतका के मायके पक्ष ने पति राहुल शर्मा पर मारपीट, प्रताड़ना, जबरन जहर देने और किसी महिला से अवैध संबंध जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। अब मामले में एक महिला ने भी सामने आकर अपनी सफाई दी है। पड़ोस में रहने वाली उक्त महिला ने साफ तौर पर कहा कि उसका राहुल शर्मा के साथ किसी भी प्रकार का प्रेम संबंध या अफेयर नहीं था। उसने बताया कि वह केवल पड़ोसी होने के नाते प्रीति और उसके परिवार के संपर्क में थी और दोनों परिवारों के बीच सामान्य और अच्छे संबंध थे। महिला बोलीं- प्रीति के साथ मिलना-जुलना था महिला के अनुसार, वह अक्सर उनके घर आती-जाती थी और प्रीति के साथ भी उसका मिलना-जुलना था। उसने कहा कि किसी के घर आना-जाना या पारिवारिक संबंध होना यह साबित नहीं करता कि उसके और राहुल के बीच कोई अनुचित संबंध थे। महिला ने बताया कि जिस दिन प्रीति की तबीयत बिगड़ी, उस समय वह पड़ोसी होने के नाते मदद के लिए आगे आई और अस्पताल तक भी गई। उसके मुताबिक, जब प्रीति को अस्पताल ले जाया गया, तो उस वक्त उसके मायके पक्ष के लोग वहां मौजूद नहीं थे, ऐसे में वह इंसानियत के नाते प्रीति के साथ रही और अंतिम समय तक उसकी देखभाल में शामिल रही। महिला का कहना है कि अब प्रीति के परिजन उस पर झूठे आरोप लगाकर उसे बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि उसका इस पूरे मामले से कोई लेना-देना नहीं है। वह तो प्रीति की अच्छी सहेली थी। बच्चों के नाम प्रॉपर्टी और 5-5 लाख की एफडी कराने की मांग दूसरी तरफ आरोपी पति राहुल शर्मा द्वारा प्रीति के परिजनों पर प्रॉपर्टी हड़पने की साजिश के लगाए गए आरोपों पर भी मृतका के मायके पक्ष ने कड़ा जवाब दिया है। राहुल ने कहा था कि प्रीति के परिजन उसकी संपत्ति हड़पने की साजिश रच रहे हैं और बच्चों को अपने कब्जे में लेकर दबाव बना रहे हैं। इस पर प्रीति के भाई शिवम ने स्पष्ट किया कि उनके परिवार को किसी की संपत्ति की कोई लालसा नहीं है। उन्होंने कहा कि उनका परिवार आर्थिक रूप से सक्षम है और उनके पास खुद पर्याप्त संपत्ति है। शिवम ने कहा कि उसकी बहन अब इस दुनिया में नहीं रही और ऐसे में उनकी सबसे बड़ी चिंता उसके दो छोटे बच्चों का भविष्य है। उन्होंने आशंका जताई कि यदि राहुल भविष्य में दूसरी शादी करता है, तो संभव है कि उसका नया परिवार बन जाए और ऐसे में प्रीति के बच्चों के अधिकारों की अनदेखी हो सकती है। इसी कारण उन्होंने मांग रखी है कि राहुल अपनी संपत्ति बच्चों के नाम करे और दोनों बच्चों के लिए पांच-पांच लाख रुपए की एफडी करवाई जाए, ताकि उनके भविष्य को सुरक्षित किया जा सके। मां को फोन कर कहा थी कि बहुत मारा है, बचा लो मामले में एक ओर जहां दोनों पक्षों के आरोप-प्रत्यारोप लगातार सामने आ रहे हैं, वहीं पुलिस भी हर पहलू को गंभीरता से जांच रही है। प्रारंभिक तौर पर प्रीति की मां की शिकायत पर राहुल शर्मा के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है। जांच अधिकारी के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। मामला यमुनानगर के रामपुरा कॉलोनी का है, जहां उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के जसराना गांव की रहने वाली 28 वर्षीय प्रीति की शादी साल 2016 में राहुल शर्मा के साथ हुई थी। 23 अप्रैल की रात को प्रीति ने अपनी मां मीना देवी को फोन कर बताया था कि राहुल ने उसके साथ बुरी तरह मारपीट की है और उसे आकर बचाने की गुहार लगाई थी। 3-4 दिन पहले पति संग कश्मीर घूमकर आई थी इसके अगले दिन ससुराल पक्ष की ओर से सूचना मिली कि प्रीति ने जहरीला पदार्थ निगल लिया है। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, पहले स्थानीय स्तर पर इलाज हुआ और बाद में उसे मुलाना के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतका के परिजनों का आरोप है कि या तो प्रीति को जबरन जहर दिया गया या फिर वह लगातार हो रही घरेलू प्रताड़ना से तंग आकर यह कदम उठाने को मजबूर हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल का पड़ोस की एक महिला के साथ संबंध था, जिसे लेकर घर में अक्सर झगड़े होते थे। वहीं दूसरी ओर आरोपी पति राहुल शर्मा ने इन सभी आरोपों को नकारते हुए कहा कि उनके बीच सामान्य वैवाहिक जीवन चल रहा था। उसने बताया कि घटना से कुछ दिन पहले ही दोनों कश्मीर घूमकर लौटे थे और साथ में समय बिताया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *