फाजिल्का में नहर में गिरी कार:एक छात्र की मौत, दो स्टूडेंट्स बचाए गए; मलोट से परीक्षा देकर लौट रहे थे

फाजिल्का-मलोट हाईवे पर एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां मलोट से परीक्षा देकर लौट रहे तीन छात्रों की कार गंग कैनाल नहर में जा गिरी। हादसा उस समय हुआ जब कार अचानक अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई। इस घटना में एक छात्र की मौत हो गई, जबकि दो अन्य को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। जानकारी के अनुसार, कार में सवार तीन युवक हनी (निवासी लुधियाना), अरुणप्रीत सिंह (निवासी सलेमशाह रोड, फाजिल्का) और अर्शदीप मलोट से पेपर देकर फाजिल्का लौट रहे थे। रास्ते में किसी अज्ञात कारण के चलते कार बेकाबू हो गई और गंग कैनाल नहर में गिर गई। कार के नहर में गिरते ही तीनों युवक पानी में डूबने लगे। सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंचे ग्रामीण घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और गोताखोर मौके पर पहुंच गए। गांव के लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। गोताखोरों की मदद से हनी और अरुणप्रीत को नहर से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि, तीसरे युवक अर्शदीप को निकालने में काफी समय लग गया, क्योंकि कार नहर में गिरने के बाद करीब 70 मीटर तक बह गई थी। मौके पर मौजूद गोताखोर गुरविंदर सिंह ने बताया कि उन्होंने अपने साथियों मिठू सिंह और सुच्चा सिंह के साथ मिलकर नहर में छलांग लगाई और बचाव कार्य शुरू किया। कार की एक खिड़की खुली देखकर उन्होंने रस्सी के सहारे युवकों को बाहर निकालने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद अर्शदीप को भी बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक वह बेसुध हो चुका था। घटना की सूचना मिलते पहुंचे फाजिल्का SSP घटना की जानकारी मिलते ही फाजिल्का के एसएसपी गुरमीत सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि तीनों छात्र परीक्षा देकर लौट रहे थे और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। सड़क सुरक्षा फोर्स और स्थानीय प्रशासन ने मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मेहनत के बाद जेसीबी मशीन की मदद से कार को भी नहर से बाहर निकाला गया। घायलों को तुरंत एंबुलेंस के जरिए फाजिल्का के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने अर्शदीप को मृत घोषित कर दिया, जबकि हनी और अरुणप्रीत की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। इस हादसे ने इलाके में शोक की लहर दौड़ा दी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *