लुधियाना में दो गुटों में तकरार का मामला सामने आया है। देर रात 12.30 बजे के बाद अमरपुरा नजदीक फील्ड गंज इलाके में बाइक सवार हमलावरों ने एक ऑफिस में बैठे युवकों पर फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि इसमें कोई घायल नहीं हुआ। फायरिंग का कारण अभी पता नहीं चल पाया है। सूत्रों के मुताबिक पुलिस के स्पेशल सेल ने एक व्यक्ति को काबू किया है। उससे कड़ी पूछताछ की जा रही है ताकि मामला क्लियर हो सके। अचानक हुई फायरिंग से इलाके में अफरातफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए। एक हमलावर को युवकों ने दबोचा फायरिंग के दौरान ऑफिस में मौजूद युवकों ने हिम्मत दिखाते हुए एक हमलावर को मौके पर ही काबू कर लिया। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। बाकी आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहे। पुराने गैंग के एंगल पर जांच कर रही पुलिस
सूत्रों के अनुसार, यह दोनों गैंग पहले भी शहर में काफी समय तक सक्रिय रहे हैं। पुलिस एनकाउंटर के बाद कुछ समय से शांत थे, लेकिन अब फिर से गतिविधियां बढ़ती नजर आ रही हैं। सूत्रों मुताबिक बताया जा रहा है कि फायरिंग करने वाला गैंग पहले भी एक शादी समारोह में गोलीबारी कर चुका है, जिसमें दो लोगों की मौत हुई थी। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही पुलिस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेर लिया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और फरार आरोपियों की पहचान के प्रयास जारी हैं। फिलहाल पुलिस अधिकारी मामले में कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। इस मामले में थाना डिविजन नंबर 2 के एसएचओ जसबीर सिंह से संपर्क करना चाहा लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।