बरनाला की ट्राइडेंट फैक्ट्री में मिला संदिग्ध ड्रोन:पुलिस ने फैक्ट्री खाली करवा सर्च ऑपरेशन चलाया; बम निरोधक दस्ता जांच में जुटा

पंजाब के बरनाला जिले के धौला गांव स्थित ट्राइडेंट फैक्ट्री परिसर में एक संदिग्ध ड्रोन मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही फैक्ट्री प्रबंधन, सुरक्षाकर्मी और स्थानीय लोगों में हकंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत स्थानीय पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को सूचित किया गया। बरनाला के एसएसपी मोहम्मद सरफराज आलम ने बताया कि फैक्ट्री कर्मचारियों ने सुबह ड्यूटी के दौरान परिसर में ड्रोन जैसी वस्तु देखी। शुरुआत में इसे खिलौना समझा गया, लेकिन करीब से देखने पर यह संदिग्ध लगा। इसके बाद फैक्ट्री प्रशासन ने तुरंत उस क्षेत्र को खाली कराकर सुरक्षा घेरा बनाया। कैमरा, रिकॉर्डिंग डिवाइस नहीं मिली पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू की। बम निरोधक दस्ते और तकनीकी विशेषज्ञों को भी बुलाया गया, जिन्होंने ड्रोन की बारीकी से जांच की। प्रारंभिक जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि ड्रोन किस उद्देश्य से परिसर में आया और इसमें कोई कैमरा, रिकॉर्डिंग डिवाइस या अन्य उपकरण लगे थे या नहीं। घटना के बाद फैक्ट्री प्रबंधन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। प्रवेश द्वारों पर जांच बढ़ा दी गई है और कर्मचारियों तथा वाहनों की अतिरिक्त चेकिंग की जा रही है। ट्राइडेंट जैसी बड़ी औद्योगिक इकाई में संदिग्ध ड्रोन मिलना एक गंभीर घटना मानी जा रही है, जो औद्योगिक सुरक्षा पर सवाल खड़े करती है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही पुलिस पुलिस ने ड्रोन को कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज दिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि ड्रोन के परिसर में पहुंचने का समय और तरीका पता चल सके। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *