बठिंडा चंडीगढ़ रोड स्थित जोगी नगर टिब्बे के नजदीक 40 वर्षीय जगजीत सिंह की नशे की ओवरडोज से मौत हो गई। इस घटना के बाद कैनाल थाना पुलिस ने मंगलवार देर शाम इलाके के संदिग्ध ठिकानों और झुग्गियों में सर्च ऑपरेशन चलाया। पुलिस की छापेमारी के दौरान सुनसान जगहों से भारी मात्रा में इस्तेमाल की गई सिरिंज (इंजेक्शन) बरामद हुई हैं। यह बरामदगी दर्शाती है कि यह इलाका नशेड़ियों का गढ़ बन चुका है। इलाके की महिलाओं ने पुलिस और प्रशासन के सामने अपनी परेशानी बताई। उन्होंने कहा कि शाम होते ही चंडीगढ़ रोड और जोगी नगर की गलियों से गुजरना मुश्किल हो जाता है। महिलाओं के अनुसार, नशे की पूर्ति के लिए नशेड़ी राह चलते लोगों के मोबाइल छीन लेते हैं। वे महिलाओं के गले से चेन या पर्स झपटकर झुग्गियों की आड़ में गायब हो जाते हैं। झपटमारी की घटनाएं इलाके में आम हो गई हैं। पूर्व पार्षद बोले- नशे का कारोबार लगातार बढ़ रहा इलाके के पूर्व नगर पार्षद हरविंदर लड्डू ने आरोप लगाया कि नशे का यह कारोबार नया नहीं है और लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि वे पहले भी कई बार प्रशासन को लिखित और मौखिक रूप से सूचित कर चुके हैं कि जोगी नगर की झुग्गियों में नशे का अवैध धंधा फल-फूल रहा है। लड्डू ने कहा कि जब तक नशा बेचने वालों के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक युवाओं की मौत का यह सिलसिला नहीं थमेगा। कैनाल थाना के एसएचओ हरजोत सिंह ने बताया, “पुलिस नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। हमने इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। जैसे ही किसी तस्कर के बारे में पुख्ता सूचना मिलती है, पुलिस तुरंत रेड करती है। नशा तस्करों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। युवक की मौत के मामले में ईलू उर्फ रोहित पर केस दर्ज कर लिया गया है।”