फतेहाबाद जिले के भूना क्षेत्र के गांव नहला में बुधवार देर रात को कबाड़ की दुकान में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दुकान में रखा सारा सामान जलकर नष्ट हो गया। गनीमत रही कि घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। समय रहते फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पा लिया। इससे आग आसपास में नहीं फैली। दुकान बंद करके भूना चला गया था मालिक जानकारी के अनुसार भूना निवासी विक्की गांव नहला में कबाड़ की दुकान चलाता है। रोज की तरह वह बुधवार शाम दुकान बंद कर अपने घर चला गया था। रात को दुकान से धुआं उठता देख आसपास के लोगों को आग लगने का पता चला। आग की लपटें तेजी से फैलती देख लोगों ने तुरंत विक्की को सूचना दी और डायल 112 व फायर ब्रिगेड को कॉल किया। आग लगने के कारणों का नहीं चला पता सूचना मिलते ही भूना से फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। हालांकि, तब तक दुकान में रखा पूरा कबाड़ जल चुका था। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। स्थानीय लोगों के अनुसार अगर समय रहते सूचना न दी जाती, तो आग आसपास में भी फैल सकती थी।