लुधियाना में ओल्ड जीटी रोड पर चांद सिनेमा के पास सड़क पर बिखरी बजरी से एक हाईस्पीड पिकअप पलट गया। पिकअप के ड्राइवर का दायां हाथ कलाई से अलग गिर गया। उसके सिर पर भी गंभीर चोटें आई। उसके साथ बैठे लोगों को भी हलकी चोटें लगी। एक्सीडेंट के बाद लोग वहां पर एकत्रित हो गए और उन्होंने ड्राइवर व उसके साथियों को बाहर निकाला। लोगों ने एंबुलैंस बुलाई और ड्राइवर को एंबुलैंस में रखा। लोगों को तब पता लगा कि उसका हाथ बिल्कुल हलक हो गया। लोगों ने उसके हाथ को भी एंबुलैंस में रखा और उन्हें तुरंत सोबती अस्पताल ले गए। ड्राइवर के साथी उसके कटे हाथ को भी साथ ही ले गए। ड्राइवर के सिर पर भी गंभीर चोटें लगी थी इसलिए वो उसे सोबती न्यूरो अस्पताल में ले गए। ड्राइवर की पहचान साबुन बाजार के नजदीक सट्टा मंडी के रहने वाले रमेश चौहान के रूप में हुई। रमेश चौहान मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले का रहने वाला है। एक्सीडेंट की सूचना मिलने पर थाना डिविजन नंबर 4 की पुलिस मौके पर पहुंच गई और क्षतिग्रस्त पिकअप को कब्जे में ले लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। होशियारपुर से माल लोड करके लाया था ड्राइवर ड्राइवर रमेश चौहान अपने दो साथियों के साथ होशियारपुर से माल लोड करे लुधियाना आ रहा था। जब वह चांद सिनेमा के पास पहुंचा तो सड़क पर बजरी बिखरी हुई थी। तेज रफ्तार के कारण पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क पर पलटी मारकर तीन बार पलटा। ड्राइवर के साथियों का कहना है कि पिकअप पहली बार ड्राइवर साइड में पलटा तो उसका हाथ खिड़की के कारण कट गया। उसके सिर पर गंभीर चोट लगी और वह बेहोश हो गया। उसे पहले सिविल अस्पताल ले गए और फिर उसे सोबती अस्पताल रैफर कर दिया गया। उसकी हालत वहां पर गंभीर बनी हुई है। डॉक्टरों का कहना है कि उसके हाथ तो दोबारा जोड़ने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।