रंधावा ने ADGP साइबर क्राइम को दी शिकायत:सांसद की मौत की फैलाई थी झूठी अफवाह; कहा-दोषियों के खिलाफ तत्काल हो कार्रवाई

गुरदासपुर के सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने पंजाब पुलिस की साइबर क्राइम शाखा में एक औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। यह शिकायत सोशल मीडिया पर प्रसारित उस फर्जी पोस्ट के खिलाफ है, जिसमें दुर्घटना में उनकी मौत का झूठा दावा किया गया था। मोहाली स्थित स्टेट साइबर क्राइम सेल के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (ADGP) को भेजी गई अपनी शिकायत में रंधावा ने कहा कि इस भ्रामक पोस्ट को विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफार्मों पर व्यापक रूप से साझा किया गया, जिससे जनता, उनके परिवार और समर्थकों के बीच दहशत और मानसिक परेशानी पैदा हुई। फर्जी पहचान का किया इस्तेमाल
सांसद रंधावा ने आरोप लगाया कि इस पोस्ट को विश्वसनीय बनाने के लिए इसमें मीडिया हाउस के नाम और पहचान का इस्तेमाल भी किया गया था। सत्यापन के बाद यह पाया गया कि उक्त मीडिया संस्थान द्वारा ऐसी कोई खबर प्रकाशित नहीं की गई थी, जिससे यह स्पष्ट होता है कि सामग्री जनता को गुमराह करने के इरादे से रची गई थी। दोषियों पर कार्रवाई की रखी मांग
रंधावा ने साइबर सेल से इस पोस्ट के स्रोत और इसे पहली बार साझा करने वाले व्यक्ति का पता लगाने और दोषियों की पहचान करने का आग्रह किया है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने और सोशल मीडिया प्लेटफार्मों को इस भ्रामक सामग्री को हटाने या ब्लॉक करने के निर्देश देने की मांग की है। शिकायत में भविष्य में इस तरह की झूठी और भ्रामक जानकारी के प्रसार को रोकने के लिए निवारक उपाय करने की भी मांग की गई है। हालांकि, जब सासंद से उनके मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की गई तो उनका फोन बंद पाया गया। बीते कल सोशल मीडिया पर वायरल किया था पोस्टर
बता दें, बीते कल सोशल मीडिया पर एक पोस्टर वायरल हुआ। जिस पर गुरदासपुर के सांसद सुखजिंदर रंधावा की मौत होने की झूठी खबर फैलाई गई। एक मीडिया हाउस का लोगो किया गया वायरल पोस्टर तेजी से सर्कुलेट हुआ और सुखजिंदर रंधावा तक भी इसकी जानकारी पहुंची। जिसके बाद रंधावा ने अपने एक्स हैंडल पर अपने स्वस्थ होने की जानकारी साझा की। मैं चढ़दी कला विच हां – सुखजिंदर रंधावा
सुखजिंदर रंधावा ने अपनी पोस्ट में लिखा कि अफवाहों पर ध्यान ना दें। गुरु साहिब की कृपा से वे चढ़दी कला में हैं। जिसके बाद उनकी पोस्ट वाले पोस्टर को लोगों की ओर से विभिन्न सोशल मिडिया प्लेटफार्मों पर शेयर किया जाने लगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *