हांसी के पुलिस जवान की ट्रेनिंग के दौरान मौत:परेड़ के दौरान आया हार्टअटैक, ASI पद का कोर्स कर रहे थे

हरियाणा पुलिस के 48 वर्षीय जवान नरेंद्र दलाल का ट्रेनिंग के दौरान हार्टअटैक से निधन हो गया। वे हांसी के नजदीकी गांव कुंभा के निवासी थे। यह घटना पुलिस ट्रेनिंग सेंटर भौंडसी में हुई। जानकारी के अनुसार नरेंद्र दलाल पिछले करीब ढाई महीने से पुलिस ट्रेनिंग सेंटर भौंडसी में एएसआई पद का कोर्स कर रहे थे। शनिवार सुबह लगभग 5:30 बजे वे परेड के लिए गए थे, तभी उन्हें अचानक दिल का दौरा पड़ा और वे गिर पड़े। मौके पर मौजूद साथियों ने तुरंत अधिकारियों को सूचित किया, जिसके बाद परिजनों को जानकारी दी गई। मृतक के भाई राजेश दलाल ने बताया कि सूचना मिलने पर परिवार के सदस्य गुरुग्राम पहुंचे। वहां नरेंद्र दलाल को मृत घोषित कर दिया गया। फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। 24 साल पहले पुलिस में भर्ती नरेंद्र दलाल लगभग 24 वर्ष पहले हरियाणा पुलिस में भर्ती हुए थे। उनके परिवार में पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं। उनके पिता का कई वर्ष पहले निधन हो चुका है, और उनका एक भाई सेना से सेवानिवृत्त है। मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। नरेंद्र दलाल के निधन से गांव कुंभा में लोग स्तब्ध हैं। ग्रामीणों और परिचितों ने इसे पुलिस विभाग के लिए भी एक क्षति बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *