चंडीगढ़ में निगम कर्मचारी का नग्न अवस्था में शव मिला:पीठ पर चोट के निशान, CCTV फुटेज से आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

चंडीगढ़ के मनीमाजरा स्थित जंगल क्षेत्र में नगर निगम के एक कर्मचारी का शव मिला। मृतक की पहचान 27 वर्षीय कृष्ण कुमार के रूप में हुई है, जो मनीमाजरा क्षेत्र का निवासी था और नगर निगम में ट्यूबवेल ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था। जानकारी के अनुसार, शव पर खासकर पीठ पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे मामला संदिग्ध माना जा रहा है। सूचना मिलते ही मनीमाजरा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मनिंदर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके अलावा फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। शरीर पर नहीं थे कपडे़ मृतक कृष्ण कुमार के भाई आनंद ने बताया कि कृष्ण कुमार रोजाना की तरह शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे ड्यूटी पर गया था और उसकी ड्यूटी शाम 4 बजे खत्म हो जाती थी। लेकिन उस दिन ड्यूटी खत्म होने के बाद वह घर वापस नहीं लौटा, जिससे परिवार चिंतित हो गया। आनंद के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे पुलिस की ओर से उन्हें सूचना मिली कि उनके भाई का शव मनीमाजरा के पास कलग्राम क्षेत्र के जंगल में, रोड विंग के ऑफिस से करीब 20 किलोमीटर दूर मिला है। सूचना मिलते ही परिवार मौके पर पहुंचा, जहां उन्होंने देखा कि कृष्ण कुमार का शव नग्न अवस्था में पड़ा था। परिवार ने इस घटना को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। आसपास के इलाकों की तलाशी, सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कृष्ण कुमार के साथ क्या हुआ और वह जंगल क्षेत्र तक कैसे पहुंचा। मृतक के मोबाइल फोन की जांच पुलिस आसपास के क्षेत्र में जांच कर रही है। मृतक के मोबाइल फोन की भी जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसकी आखिरी बार किससे और क्या बातचीत हुई थी। वहीं, परिवार के सदस्यों से भी पूछताछ की जा रही है, जिससे किसी प्रकार की रंजिश या विवाद की जानकारी मिल सके। सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस पुलिस ने जंगल क्षेत्र में एंट्री के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। कोशिश की जा रही है कि यह पता लगाया जा सके कि कृष्ण कुमार जंगल में अकेले गया था या उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी मौजूद था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *