BJP नेता के भांजे को मारने वाला एनकाउंटर में ढेर:सीवान पुलिस ने दौड़ाकर मारी गोली, कार टच होने पर की थी फायरिंग

सीवान में पूर्व MLC और BJP नेता मनोज कुमार सिंह के भांजे की गोली मारकर हत्या करने वाला मुख्य आरोपी एनकाउंटर में ढेर हो गया। रविवार सुबह 4 बजे सोनू यादव के साथ पुलिस की मुुठभेड़ हुई, जिसमें उसकी मौत हो गई। घटना जामो थाना क्षेत्र के लद्दी गांव की है। पुलिस ने गाड़ी चेकिंग के दौरान उसे दबोचा और मार गिराया। मृतक के पास से रोडरेज के दौरान इस्तेमाल हुई गाड़ी को भी बरामद कर लिया गया है। वहीं, इस रोडरेज वारदात के 10 घंटे के अंदर पुलिस का एक आरोपी छोटू यादव के साथ एनकाउंटर हुआ, जिसमें पुलिस ने उसके दोनों पैर में गोली मारी और अरेस्ट कर लिया। बता दें कि सोनू ने BJP नेता के भांजे हर्ष कुमार और उनके बहनोई पर 26 अप्रैल की शाम 6.30 बजे अंधाधुंध गोलियां बरसाई थीं। इसमें भांजे की मौत हो गई। जीजा चंदन सिंह का अभी भी इलाज चल रहा है। दरअसल, कार साइड लगाने को लेकर चंदन-हर्ष की बदमाशों से बहस हो गई। मामला बढ़ा और बदमाशों ने कार से गन निकालकर दोनों पर फायरिंग कर दी। मामला नगर थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर आंदर ढाला ओवरब्रिज के पास का है। अब सिलसिलेवार तरीके से जानिए पूरा घटनाक्रम… पहले मौके से आई 2 तस्वीरें देखिए… खुद को पुलिस से घिरा देख सोनू ने फायरिंग की रोडरेज की वारदात में पुलिस की तफ्तीश में सोनू यादव का नाम सामने आया। पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी। इसी बीच शनिवार की रात पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि मुख्य आरोपी सोनू यादव बड़हरिया थाना क्षेत्र की ओर भाग रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। इसी बीच रविवार की सुबह 4 बजे पुलिस ने गाड़ी चेकिंग के दौरान उसे घेर लिया। पुलिस से घिरता देख सोनू यादव ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें सोनू यादव को गोली लग गई। वह मौके पर ही गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। हत्या, लूट जैसे संगीन केस में वांटेड भी था मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घायल सोनू यादव को तुरंत कब्जे में लेकर सीवान सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, सोनू यादव पर हत्या, लूट और अन्य गंभीर अपराधों के कई मामले दर्ज थे। वह लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस की गिरफ्त से बाहर था। उसकी गिरफ्तारी के लिए 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था, जिससे उसकी तलाश तेज कर दी गई थी। अब जानिए इसके पहले हुए हाफ एनकाउंटर की पूरी कहानी हर्ष और उसके पिता पर फायरिंग के बाद से पुलिस अलर्ट थी। SP पूरन कुमार झा के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया, जिसमें SDPO अजय कुमार सिंह, नगर थाना प्रभारी अविनाश कुमार समेत कई थानों की पुलिस को लगाया गया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की, जिसमें संदिग्ध गाड़ी की पहचान हुई। तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने हुसैनगंज थाना क्षेत्र के हथौड़ा निवासी छोटू कुमार यादव को चिन्हि्त किया। SP पूरन कुमार झा ने बताया, छोटू को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उसने बताया कि घटना में 4 लोग शामिल थे। हम छोटू को हथियार बरामद करने के लिए ले जा रहे थे। छोटू यादव ने 5 राउंड फायरिंग की थी पुलिस टीम हुसैनगंज थाना क्षेत्र के हथौड़ा गांव के तरफ निकली और बताए स्थान पर पहुंचकर छोटू को हथियार दिखाने को कहा। तभी अचानक छोटू ने हाथ छुड़ाते हुए हथियार निकालकर पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। छोटू ने करीब पांच राउंड फायरिंग की। जिसके बचाव में पुलिस ने तीन राउंड फायरिंग की। दो गोली छोटू के दोनों घुटने में लगी। हमने उसे तुरंत कब्जे में ले लिया। छोटू का आपराधिक इतिहास भी सामने आए है। एक मामले में कुछ दिन पहले ही छपरा जेल से छूटा था। पुलिस ने घायल आरोपी को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया। ऑन ड्यूटी डॉक्टर ने बताया कि आरोपी के दोनों घुटनों में गोली आर-पार हो चुकी थी।
अब जानिए कैसे शुरू हुआ विवाद जानकारी के अनुसार, बुधवार की शाम 6.30 बजे चंदन सिंह अपने बेटे हर्ष कुमार सिंह के साथ तिलक में जाने के लिए सड़क किनारे अपनी गाड़ी खड़ी कर परिवार के अन्य सदस्यों का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान पीछे से दूसरी गाड़ी आई और उसने हल्की ठोकर मार दी। इसके बाद चंदन अपनी गाड़ी से बाहर निकले और दूसरी कार के ड्राइवर से बात करने लगे। इतनी ही देर में दूसरे कार में बैठे लोगों ने चिल्लाना शुरू कर दिया। दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी। कुछ ही देर में विवाद हिंसक हो गया। आरोप है कि दूसरी गाड़ी में सवार लोगों ने हथियार निकालकर पिता चंदन और बेटे हर्ष पर फायरिंग शुरू कर दी। वीडियो में हर्ष को गोली मारता दिखा छोटू यादव बीजेपी नेता के परिवार पर फायरिंग करने का वीडियो भी सामने आया है। इसमें हर्ष और उसके पिता चंदन के साथ अपराधी मारपीट करते दिख रहे हैं। तेज बारिश हो रही है। सड़क पर पानी भरा है। इसी दौरान छोटू यादव आता है और दोनों को गोली मार देता है। इसमें कुछ महिलाओं की आवाज भी आ रही हैं। जिन्होंने बालकनी से वीडियो शूट किया है।. महिलाएं कहनी हैं अरे..अरे देखो हर्ष को गोली मार दी। हर्ष इकलौता बेटा था और पटना से एलएलबी कर रहा था। पटना से शादी में शामिल होने सीवान आया था। उसके पिता चंदन बड़े बिजनेस मैन है। सीवान में उनका प्रिया गोल्ड बिस्कुट समेत एक अन्य प्रोडक्ट की एजेंसी है । सम्राट सरकार में चौथा एनकाउंटर सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने के 18 दिनों में ये चौथा एनकाउंटर है। इसमें 2 फुल और 2 हाफ एनकाउंटर है। इससे पहले पुलिस ने भागलपुर की नगर परिषद में घुसकर अफसर की हत्या करने वाले रामधनी यादव को 29 अप्रैल को मुठभेड़ में मार गिराया। वहीं 30 अप्रैल को हर्ष की हत्या में शामिल छोटू यादव के दोनों पैर में गोली मारकर उसे गिरफ्तार किया। इसके अलावा 22 अप्रैल को पटना ज्वेलरी लूटकांड में शामिल आरोपी दिलीप के पैर में गोली मारकर उसे पकड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *