बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार आज से ‘सद्भाव यात्रा’ की शुरुआत करेंगे। पहले दिन बेतिया-पश्चिम चंपारण के क्षेत्रों में जाएंगे। जहां वे 4 मई को वाल्मीकिनगर में जंगल सफारी भी करेंगे। निशांत कुमार सुबह करीब 11 बजे जदयू कार्यालय पहुंचेंगे, जहां पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा और विधायक दल के नेता श्रवण कुमार उनके साथ रहेंगे। यहीं से ‘निश्चय रथ’ पर सवार होकर वे यात्रा की औपचारिक शुरुआत करेंगे। यात्रा शुरू करने से पहले निशांत अपने पिता नीतीश कुमार से 7 सर्कुलर रोड स्थित आवास जाकर आशीर्वाद लेंगे। पहले दिन कई जगह होगा स्वागत यात्रा के पहले दिन निशांत कुमार का कई स्थानों पर स्वागत कार्यक्रम तय है। बजरंग चौक (ओवर ब्रिज), वैशाली जिला कार्यालय (जेल गेट के पास), सकरी चौक मुजफ्फरपुर और मंगराही (पूर्वी चंपारण) के महेंद्र चौक पर कार्यकर्ता उनका भव्य स्वागत करेंगे। इन कार्यक्रमों के जरिए पार्टी कार्यकर्ता शक्ति प्रदर्शन भी करेंगे और यात्रा को जनसंपर्क अभियान के रूप में आगे बढ़ाएंगे। पिता नीतीश भी जरूरी कार्यों की शुरुआत चंपारण से करते थे निशांत कुमार ने अपनी यात्रा की शुरुआत पश्चिम चंपारण से की है, जो महात्मा गांधी की कर्मभूमि रही है। यही इलाका उनके पिता नीतीश कुमार के लिए भी राजनीतिक रूप से अहम रहा है। नीतीश कुमार ने भी अपनी कई महत्वपूर्ण यात्राओं की शुरुआत चंपारण से ही की थी। ऐसे में निशांत का यह कदम उनके राजनीतिक इरादों और दिशा को स्पष्ट करता है। सद्भाव यात्रा के जरिए निशांत कुमार यह संदेश देने की कोशिश कर रहे हैं कि वे अपने पिता के राजनीतिक मूल्यों और कार्यशैली को आगे बढ़ाएंगे। यह यात्रा उनके सार्वजनिक जीवन में सक्रिय भूमिका की शुरुआत हो सकती है और आने वाले समय में उनकी भूमिका और स्पष्ट हो सकती है।