मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी दिल्ली में हैं। आज यानी रविवार को गृहमंत्री और रक्षामंत्री से उनकी मुलाकात होनी है। मुख्यमंत्री की सबसे महत्वपूर्ण मुलाकात गृह मंत्री अमित शाह से होगी। मुख्यमंत्री बनने के बाद यह उनकी अमित शाह से पहली औपचारिक मुलाकात है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि बैठक के दौरान बिहार मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर अंतिम निर्णय लिया जा सकता है। सरकार के एजेंडे और संगठनात्मक संतुलन पर चर्चा लंबे समय से लंबित कैबिनेट विस्तार अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है और मंत्रियों के नामों पर मुहर लगने की पूरी संभावना है। सूत्रों के अनुसार, बैठक में सरकार के आगे के एजेंडे और संगठनात्मक संतुलन पर चर्चा हो सकती है। इस बैठक को राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जहां राज्य और केंद्र के बीच समन्वय को लेकर चर्चा की संभावना है। मुलाकात में बिहार के विकास को लेकर चर्चा होगी। बंगाल चुनाव के बाद कभी भी हो सकता है ऐलान पार्टी सूत्रों के मुताबिक, पश्चिम बंगाल चुनाव के नतीजों के बाद किसी भी समय नई कैबिनेट का ऐलान किया जा सकता है। इसे लेकर पार्टी और सरकार दोनों स्तर पर तैयारियां तेज हैं और सभी की नजरें इस फैसले पर टिकी हुई हैं। शनिवार को मुख्यमंत्री कहां गए, किससे मिले और निरीक्षण किया…. दिल्ली जाने से पहले नीतीश से की मुलाकात दिल्ली जाने से पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से करीब आधे घंटे तक बातचीत की। माना जा रहा है कि इस दौरान भी मंत्रिमंडल विस्तार और संभावित नामों को लेकर चर्चा हुई है। जिससे यह संकेत मिल रहे हैं कि फैसले में सभी प्रमुख नेताओं की भूमिका अहम है। जेपी गंगा पथ पर सौंदर्यीकरण कार्य का निरीक्षण किया था मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी जेपी गंगा पथ भी गए थे। यहां उन्होंने सौंदर्यीकरण कार्य का निरीक्षण किया था। उनके साथ प्रधान सचिव समेत कई सीनियर अधिकारी मौजूद रहे। इसके बाद पटना जंक्शन स्थित महावीर मंदिर पहुंचे थे। जहां वे सत्ता संभालने के बाद पहली बार गए। उन्होंने पूजा-अर्चना करने के साथ-साथ आरती की थी। संभावित मंत्रियों के नामों पर मंथन जदयू और भाजपा दोनों खेमों में संभावित मंत्रियों के नामों को लेकर चर्चा तेज हो गई है। नए मंत्रिमंडल विस्तार में जातीय संतुलन, अनुभव और नए चेहरों को ध्यान में रखते हुए सूची तैयार की जा रही है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक इस बार कैबिनेट में युवा और अनुभवी नेताओं का संतुलित मिश्रण देखने को मिल सकता है। माना जा रहा है कि महिलाओं की भी अच्छी भागीदारी दी जाएगी। बैठक के बाद राज्य की नई कैबिनेट की तस्वीर साफ हो जाएगी और जल्द ही औपचारिक घोषणा भी की जा सकती है।