ह​रियाणा CM बोले- भ्रष्टाचार में धंसे पंजाब के AAP विधायक:रोपड़ में OBC सम्मेलन में कहा- चुटकुले सुनाकर नहीं नीति से चलती है सरकार

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को रोपड़ में आयोजित ‘ओबीसी सम्मेलन’ के दौरान पंजाब की आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने राज्य की वर्तमान स्थिति को चिंताजनक बताते हुए कहा कि पंजाब की जनता अब भ्रष्टाचार और कुशासन से मुक्ति चाहती है। मुख्यमंत्री सैनी ने सीधा हमला बोलते हुए कहा कि पंजाब में ‘आप’ के विधायक भ्रष्टाचार के दलदल में धंसे हुए हैं, जिससे राज्य का विकास पूरी तरह ठप हो गया है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में जनता इन भ्रष्ट जनप्रतिनिधियों को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगी। सैनी ने जोर देकर कहा कि अब डराने-धमकाने और विपक्षी नेताओं पर झूठे केस दर्ज करने वाली राजनीति का अंत होने वाला है। नशा और कानून व्यवस्था पर घेरा मुख्यमंत्री भगवंत मान पर तंज कसते हुए सैनी ने कहा कि सरकार सिर्फ चुटकुले सुनाकर नहीं चलाई जा सकती। उन्होंने पंजाब के ज्वलंत मुद्दों पर चिंता व्यक्त की। बोले कि पंजाब का युवा लगातार नशे की दलदल में फंसता जा रहा है। राज्य में सरेआम फिरौतियां मांगी जा रही हैं, जिससे असुरक्षित महसूस कर रहे उद्योग दूसरे राज्यों की ओर पलायन कर रहे हैं। पंजाब के किसानों को न तो फसलों पर सही MSP मिल रहा है और न ही गांवों में बुनियादी ढांचा सुदृढ़ है। कांग्रेस ने ओबीसी समाज को बनाया ‘वोट बैंक’ कांग्रेस पर प्रहार करते हुए नायब सैनी ने कहा कि दशकों तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस ने ओबीसी समाज को उनके अधिकारों से वंचित रखा और उन्हें केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया। इसके विपरीत, उन्होंने हरियाणा की जनकल्याणकारी योजनाओं का हवाला देते हुए वादा किया कि भाजपा पंजाब में भी समान विकास और ईमानदार शासन सुनिश्चित करेगी। “नाखून और मांस” जैसा है पंजाब-हरियाणा का रिश्ता दोनों राज्यों के बीच गहरे संबंधों का जिक्र करते हुए सैनी ने कहा कि पंजाब और हरियाणा का रिश्ता ‘नाखून और मांस’ जैसा अटूट है। उन्होंने कहा, “हमारी संस्कृति और गुरुओं की वाणी एक है।” उन्होंने जनता से अपील की कि पंजाब के उज्ज्वल भविष्य और विकास की रफ्तार को बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर विश्वास जताते हुए भाजपा का समर्थन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *