गुरुग्राम शहर में नई बस्ती स्थित काली माता मंदिर के समीप एक टाइल्स के गोदाम में भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची। संकरी गलियां होने के कारण फायर ब्रिगेड को शुरुआत में मशक्कत करनी पड़ी, लेकिन फायर कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए आग को आस-पास के रिहायशी मकानों में फैलने से रोक लिया। स्थानीय पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर मंदिर के आस-पास के रास्ते को सील कर दिया है। शॉर्ट सर्किट की आशंका प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है। गनीमत यह रही कि हादसे के समय गोदाम में कोई मौजूद नहीं था, जिससे किसी जनहानि की सूचना नहीं है। लेकिन गोदाम में रखी लाखों रुपये की टाइल्स और अन्य कीमती सामान जल गया है। दमकल विभाग की टीमें अभी भी ऑपरेशन में जुटी हैं ताकि आग दोबारा न सुलग सके।
फायर ब्रिगेड अधिकारियों के मुताबिक दो गाड़ियां मौके पर बुलाई गई हैं। आग बुझाने का काम जारी है। आग पर काबू पान के बाद रेस्क्यू अभियान चलाया जाएगा।