सलाम-ए-इश्क मेरी जान..मुजरा देख रहे अनंत सिंह,VIDEO:गोपालगंज में हथियारों के साथ नाचे समर्थक, नोट उड़े, ताली बजाते रहे बाहुबली

मोकामा से JDU विधायक और बाहुबली अनंत सिंह एक बार फिर सुर्खियों में हैं। अनंत सिंह गोपालगंज जिले के हथुआ प्रखंड के सेमराव में कुख्यात गुड्डू राय के घर जनेऊ में शामिल होने पहुंचे। यहां उन्होंने मुजरे का आनंद लिया। ‘सलाम-ए-इश्क मेरी जान’, ‘तवायफ कहां मोहब्बत करती है’, जैसे कई फिल्मी गानों पर डांसर नाचती रही और पहली लाइन में बैठे बाहुबली तालियां बजाते रहे। वहीं इस कार्यक्रम का एक और वीडियो सामने आया है, जिसमें खुलेआम हथियार का प्रदर्शन किया जा रहा है। अनंत सिंह के समर्थक हथियार लेकर नाचते दिख रहे हैं। अनंत सिंह की मुजरा देखते हुए 3 तस्वीरें… आगे की सीट पर बैठे अनंत सिंह, नोट लुटाते रहे लोग वीडियो क्लिप में देखा जा सकता है कि विधायक अनंत सिंह आगे की सीट पर बैठे हुए हैं और मुजरा देख रहे हैं। जब डांसर उनके पास आकर नाचती है, तो वे ताली बजा अपनी खुशी का इजहार करते हैं। वहीं डांस के दौरान कई लोग नोटों की बारिश करते नजर आ रहे हैं। वहीं कुछ लोग हथियार और डांसर के साथ डांस करते नजर आए। हथियार लहराने वालों की पहचान में जुटी पुलिस वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद गोपालगंज पुलिस हरकत में आई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। मीरगंज थाना पुलिस फिलहाल वीडियो में खुलेआम हथियार लहरा रहे लोगों की पहचान करने में जुटी है । प्रशासन का कहना है कि हथियारों के प्रदर्शन के मामले में दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हम कुत्ता-बिलाई को जानबे नहीं करते – अनंत सिंह गोपालगंज जाने के दौरान अनंत सिंह ने पप्पू यादव पर निशाना साधा था। जब उनसे पूछा गया कि पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव उनके प्रति इतने नाराज क्यों दिख रहे हैं और लगातार उन्हें क्यों निशाना बना रहे हैं। इस पर अनंत सिंह ने पलटकर पूछा कि पप्पू यादव कौन है? जब पत्रकारों ने स्पष्ट किया कि वे पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव की बात कर रहे हैं। अनंत सिंह ने कहा, ‘हम कुत्ता-बिलाई को जानबे नहीं करते।’ उन्होंने आगे तंज कसते हुए कहा कि यह कुत्ता-बिलाई क्या बोलेगा। दुलारचंद हत्याकांड में आरोपी, 4 महीने बाद मिली बेल बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान 30 अक्टूबर को मोकामा टाल में राजद नेता दुलारचंद की हत्या की गई थी। आरोप अनंत सिंह और उनके समर्थकों पर लगा। 1 नवंबर की देर रात पटना के SSP कार्तिकेय शर्मा खुद अनंत सिंह के आवास मोकामा पहुंचे और उन्हें गिरफ्तार किया। वो करीब 4 महीने जेल में रहे। 19 मार्च 2026 को पटना हाई कोर्ट से उन्हें नियमित जमानत मिली थी। जिसके बाद 23 मार्च को वो जेल से बाहर आए थे। जेल से बाहर आने के बाद उन्होंने खुद को निर्दोष बताते हुए कहा कि उन्हें इस मामले में फंसाने की साजिश रची गई थी। अब चुनाव नहीं लड़ेंगे अनंत सिंह जेल से रिहा होने के बाद ही मोकामा विधायक अनंत सिंह ने बड़ा ऐलान किया था। उन्होंने कहा, अब वो कोई भी चुनाव नहीं लड़ेंगे, उनका बेटा जनता की सेवा करेगा। मोकामा के JDU विधायक अनंत सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समर्थन में बड़ा बयान देते हुए कहा था, यदि नीतीश कुमार मुख्यमंत्री नहीं रहते हैं, तो मैं भी चुनाव नहीं लड़ेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *