ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंसा यात्री,VIDEO:फरीदाबाद में जनशताब्दी एक्सप्रेस में चढ़ते हुए पैर फिसला, कॉन्स्टेबल ने पकड़कर खींचा

फरीदाबाद के बल्लभगढ़ रेलवे स्टेशन पर एक यात्री ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंस गया। वहां मौजूद RPF कॉन्स्टेबल ने तुरंत यात्री को पकड़कर अपनी ओर खींच लिया, जिससे उसकी जान बच गई। यात्री जनशताब्दी एक्सप्रेस में चढ़ने की कोशिश कर रहा था। ट्रेन चल पड़ी थी। सीढ़ियों पर चढ़ते समय उसका पैर फिसल गया। उसके पैर प्लेटफॉर्म के नीचे फंस गए। तभी वहां मौजूद कॉन्स्टेबल ने उसे बचा लिया। पूरी घटना प्लेटफॉर्म पर लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। 3 पॉइंट्स में जानिए कैसे हुआ हादसा… प्लेटफॉर्म नंबर 4 से चली थी ट्रेन यह घटना शनिवार दोपहर करीब 1 बजकर 8 मिनट पर प्लेटफॉर्म नंबर 4 पर हुई। गाड़ी संख्या 12060 जनशताब्दी एक्सप्रेस अपने निर्धारित ठहराव के बाद स्टेशन से रवाना हो रही थी। यह ट्रेन हजरत निजामुद्दीन से चलकर कोटा तक जाती है। इसका पहला ठहराव बल्लभगढ़ रेलवे स्टेशन पर था। फिसलकर प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच फंसा प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेन के चलने के दौरान एक यात्री जल्दबाजी में उसमें चढ़ने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और संतुलन बिगड़ गया। देखते ही देखते वह ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंस गया। यह देखकर प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और लोग घबरा गए। कॉन्स्टेबल ने पकड़कर खींचा उसी समय वहां ड्यूटी पर तैनात RPF कॉन्स्टेबल विकास ने तुरंत स्थिति को समझा और बिना देर किए तुरंत यात्री को पकड़कर अपनी ओर खींच लिया और उसे सुरक्षित प्लेटफॉर्म पर निकाल लिया। जिस कारण बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद प्लेटफॉर्म पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली और RPF जवान की बहादुरी की सराहना की। प्रभारी बोले- सावधानी बरतें यात्री RPF प्रभारी श्रवण कुमार ने बताया कि कॉन्स्टेबल विकास की सतर्कता और तत्परता के कारण एक व्यक्ति की जान बचाई जा सकी। उन्होंने कहा कि रेलवे यात्रियों की सुरक्षा को लेकर हमेशा सतर्क रहता है, लेकिन यात्रियों को भी सावधानी बरतनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *