5 राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजे आ गए हैं। पश्चिम बंगाल और असम में भाजपा को जीत मिली है। केरल में कांग्रेस के नेतृत्व वाले UDF को जीत मिली है। तमिलनाडु में TVK ने बाजी मारी है। पुडुचेरी में AINRC को जीत मिली है। राजद नेता तेजस्वी यादव इन पांच में से तीन राज्यों (पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और केरल) में चुनाव प्रचार करने गए थे। केरल में राजद ने अपने 3 उम्मीदवार उतारे थे। यहां पार्टी का खाता खुला है। वहीं, तेजस्वी जिस भी राज्य में चुनाव प्रचार करने गए वहां साथी दल की हार हुई। उनकी सरकार चली गई। पहले बात पश्चिम बंगाल की, तेजस्वी ने ममता बनर्जी के साथ किया था रोड शो राजद के X हैंडल द्वारा किए गए पोस्ट के अनुसार तेजस्वी यादव ने पश्चिम बंगाल में 12 विधानसभा क्षेत्रों में ममता बनर्जी के समर्थन में प्रचार किया। इनमें से सिर्फ 1 सीट पर TMC को जीत मिली है। ममता ने राजद के साथ कोई चुनावी गठबंधन नहीं किया था। राजद को एक भी सीट पर अपने प्रत्याशी उतारने का मौका नहीं मिला। विपक्षी एकजुटता के नाते तेजस्वी ममता के लिए चुनाव प्रचार करने गए, उनके साथ रोड शो किया, लेकिन उन्हें वोट नहीं दिला सके। किन विधानसभा क्षेत्रों में गए तेजस्वी यादव 1. भवानीपुर- यहां से ममता बनर्जी चुनाव हार गई हैं। भाजपा के सुवेंदु अधिकारी जीते हैं। 2. चांपदानी- तेजस्वी यादव ने हुगली जिला में आने वाले चांपदानी विधानसभा क्षेत्र से TMC उम्मीदवार अरिंदम गुइन के लिए चुनाव प्रचार किया। यहां भाजपा के दिलीप सिंह 3026 वोट से जीत गए हैं। 3. बाली- तेजस्वी ने हावड़ा जिले के बाली विधानसभा क्षेत्र में टीएमसी के कैलाश मिश्रा के पक्ष में चुनाव प्रचार किया। कैलाश मिश्रा भाजपा के संजय कुमार सिंह से हार गए हैं। 4. हावड़ा उत्तर- तेजस्वी ने यहां टीएमसी के गौतम चौधरी के लिए चुनाव प्रचार किया। गौतम भाजपा प्रत्याशी उमेश राय से 11250 वोटों से हार गए हैं। 5. हावड़ा दक्षिण- इस सीट से ममता बनर्जी ने नंदिता चौधरी को उम्मीदवार बनाया था। तेजस्वी ने इनके लिए प्रचार किया। नंदिता 7828 वोटों से जीत गई हैं। दूसरे नंबर पर भाजपा के श्यामल कुमार हाटी रहे। 6. बारानगर- तेजस्वी ने उत्तर 24 परगना जिला के बारानगर में TMC उम्मीदवार सायंतिका बनर्जी के समर्थन में चुनावी रैली की थी। सायंतिका भाजपा के सजल घोष से 16956 वोटों के अंतर से हार गईं हैं। 7. जोरासांको- यहां से टीएमसी के प्रत्याशी विजय उपाध्याय के लिए तेजस्वी ने प्रचार किया था। विजय उपाध्याय भाजपा के विजय ओझा से 5797 वोटों से हार गए हैं। 8. नोआपाड़ा- तेजस्वी ने यहां TMC के त्रिणांकुर भट्टाचार्य के लिए चुनाव प्रचार किया था। त्रिणांकुर भाजपा के अर्जुन सिंह से 17656 वोटों के अंतर से हार गए हैं। 9. बैरकपुर- TMC के राज चक्रवर्ती के लिए तेजस्वी ने यहां प्रचार किया था। राज चुनाव हार गए हैं। भाजपा के कौस्तुभ बागची 15822 वोटों से जीत गए हैं।
10. खरदाहा- तेजस्वी ने यहां TMC के देवदीप पुरोहित के पक्ष में चुनाव प्रचार किया। देवदीप भाजपा के कल्याण चक्रवर्ती से 24486 वोटों से हार गए हैं।
11. भाटपाड़ा- तेजस्वी ने उत्तर 24 परगना जिले के बैरकपुर लोकसभा क्षेत्र में आने वाले भाटपाड़ा विधानसभा क्षेत्र में टीएमसी उम्मीदवार अमित गुप्ता के लिए प्रचार किया था। यहां भाजपा के पवन कुमार सिंह 22807 वोटों से जीत गए हैं।
12. जगतदल- तेजस्वी ने TMC प्रत्याशी सोमनाथ श्याम के समर्थन में रोड शो किया था। सोमनाथ भाजपा के डॉ. राजेश कुमार से 16835 से वोटों से हार गए हैं। अब जानिए तमिलनाडु का हाल, DMK को जीत नहीं दिला पाए तेजस्वी यादव ने तमिलनाडु में DMK के पक्ष में चुनाव प्रचार किया। एम. के. स्टालिन के साथ मंच शेयर किया। तेजस्वी ने खासकर उन इलाकों में रैलियां की जहां हिंदी भाषी लोगों की अच्छी आबादी है। उत्तर भारत से बड़ी संख्या में प्रवासी कामगार रहते हैं। इनमें कोयंबटूर उत्तर, कोयंबटूर दक्षिण, मेट्टुपालयम और मदुराई सेंट्रल सीट प्रमुख हैं। तेजस्वी की रैलियों में भीड़ तो जुटी, लेकिन वो भीड़ को वोट में बदल नहीं सके। 1. कोयंबटूर उत्तर- यहां TVK (Tamilaga Vettri Kazhagam) के वी. संपतकुमार 21992 वोटों के अंतर से जीत गए हैं। DMK के दुरई सेंथमिल सेल्वन दूसरे नंबर पर रहे। 2. कोयंबटूर दक्षिण- यहां DMK के वी. सेंथिल बालाजी 2271 वोटों के अंतर से जीत गए हैं। TVK के वी. सेंथिल कुमार दूसरे नंबर पर रहे। 3. मेट्टुपालयम- यहां TVK के सुनीलानंद जीत गए हैं। DMK प्रत्याशी कविता कल्याणसुंदरम दूसरे नंबर पर रहीं। 4. मदुराई सेंट्रल- इस सीट पर TVK के मधर बधुरुद्दीन 19128 वोटों के अंतर से जीत गए हैं। दूसरे नंबर पर DMK के पलानीवेल त्यागराजन रहे।
केरल में खुला तेजस्वी यादव का खाता केरल में वामपंथी पार्टियों के गठबंधन LDF (लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट) की सत्ता चली गई है। कांग्रेस के नेतृत्व वाले UDF की जीत हुई है। LDF का नेतृत्व CPI (M) कर रही है। गठबंधन में कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया, केरल कांग्रेस (एम), नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी और राजद शामिल हैं। तेजस्वी यादव ने केरल जाकर चुनाव प्रचार किया। केरल में तेजस्वी ने अंग्रेजी में भाषण दिया। एक सभा में बोले- ‘मैं बिहार से आया हूं, जो सबसे गरीब राज्य है। बिहार में हम केरल का उदाहरण देते हैं कि ऐसा राज्य बनना चाहिए।’ केरल में आरजेडी ने उन इलाकों को टारगेट किया है जहां उत्तर भारतीय (ज्यादातर बिहारी) बसे हैं। पार्टी मुख्य रूप से कोच्चि, तिरुवनंतपुरम और कोझिकोड जैसे शहरों में एक्टिव है। इस इलाके में प्रवासी मजदूरों और उत्तर भारतीयों की संख्या अधिक है। राजद ने केरल की 140 विधानसभा सीटों में से 3 (वडकारा, कूथुपरम्बा और कल्पेट्टा) पर अपने उम्मीदवार उतारे। वडकारा में एम.के. भास्करन, कूथुपरम्बा में पी. के. प्रवीण और कल्पेट्टा में पी.के. अनिल कुमार पार्टी के उम्मीदवार हैं। 1. वडकारा- यहां RMPI (Revolutionary Marxist Party of India) की के. के. रेमा 14862 वोटों के अंतर से चुनाव जीत गईं हैं। राजद के एम.के. भास्करन 55255 वोट लाकर दूसरे स्थान पर रहे। 2. कूथुपरम्बा- इस सीट पर राजद के पी. के. प्रवीण 1286 वोटों से जीत गए हैं। दूसरे नंबर पर IUML (Indian Union Muslim League) की जयंती राजन रहीं। 3. कल्पेट्टा- इस सीट को कांग्रेस के टी. सिद्दीक ने 45031 वोटों के अंतर से जीत लिया है। दूसरे स्थान पर राजद के पी.के. अनिल कुमार रहे। उन्हें 52348 वोट मिले।