हिमाचल में कांग्रेस नेता अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित:SP को शिकायत दी; अज्ञात पर पीछा करने के आरोप, मंशा पता लगाने की मांग

हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस नेता एवं कृषि उपज विपणन समिति (APMC) के चेयरमैन ललित ठाकुर ने अपनी ही सरकार में सुरक्षा को लेकर चिंता जाहिर की। ललित ने कुछ अज्ञात लोगों पर बार-बार पीछा करने के आरोप लगाए। उन्होंने पुलिस अधीक्षक (SP) चंबा विजय सकलानी को लिखित शिकायत देकर जांच की मांग की है। ललित ठाकुर ने पुलिस से मांग की कि जल्द से जल्द आरोपियों की पहचान कर उनकी मंशा का पता लगाया जाए और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने मांग की कि सीसीटीवी कैमरे खंगालकर उनकी रेकी करने वाले संदिग्धों की पहचान की जाए। एक पोस्ट से उनकी रेकी की जानकारी मिली ललित ने बताया कि वह 2 मई को जब सरकारी गाड़ी से APMC कार्यालय बालू, चंबा से लौट रहे थे, तब एक संदिग्ध वाहन उनकी गाड़ी का पीछा कर रहा था। शुरुआत में उन्होंने इसे नजरअंदाज किया, मगर कुछ देर बाद सोशल मीडिया पर सामने आई एक पोस्ट से उन्हें उनकी रेकी की जानकारी मिली। घटना के पीछे कौन, इसका पता लगाया जाए: ललित ललित ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि इससे पहले भी भरमौर से लौटते समय, कुछ दिन पूर्व लूना पुल क्षेत्र के पास रात्रि में उनकी गाड़ी का पीछा किया गया था। APMC चेयरमैन ने लगातार हो रही इन घटनाओं को सामान्य नहीं बताते हुए इसे एक गंभीर मामला बताया। उन्होंने पुलिस से मांग की कि आखिर इन घटनाओं के पीछे कौन लोग हैं और इसकी सच्चाई सामने आनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *