मानसा जिले के सरदूलगढ़ कस्बे में एक युवक पर नशा बेचने का केस दर्ज होने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। पुलिस पर झूठा केस दर्ज करने का आरोप लगाते हुए वार्ड नंबर-6 के निवासियों ने थाने के बाहर धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान, युवक की मां अपने बेटे पर दर्ज मामले को रद्द करवाने की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने गुरप्यार सिंह नामक युवक के खिलाफ 30 गोलियां बरामद करने का केस दर्ज किया है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि पुलिस युवक को सुबह घर से उठाकर ले गई थी और शाम तक उसे छोड़ने का आश्वासन दिया था, लेकिन बाद में उस पर झूठा केस दर्ज कर दिया गया। मां बोलीं- बेटे पर गलत केस दर्ज किए, फंसाया जा रहा युवक की मां ने आरोप लगाया कि पुलिस ने पहले भी उसके बेटे के खिलाफ गलत केस दर्ज किए हैं और अब उसे फिर से फंसाया जा रहा है। वार्ड के पार्षद ने भी पुलिस को लिखित में जानकारी दी थी कि युवक अब किसी भी नशे से संबंधित गतिविधि में शामिल नहीं है, लेकिन इसके बावजूद उसे परेशान किया जा रहा है। डीएसपी के आश्वासन पर धरना खत्म देर रात तक चले इस हंगामे के बाद, डीएसपी सरदूलगढ़ के आश्वासन पर धरना समाप्त कर दिया गया। डीएसपी ने मामले की जांच करने का भरोसा दिया है। दूसरी ओर, थाना प्रभारी ने बताया कि गुरप्यार सिंह पर पहले से 10 से 12 केस दर्ज हैं, जिनमें नशा तस्करी और चोरी के केस शामिल हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि बरामदगी के आधार पर एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है और परिवार द्वारा लगाए गए आरोप निराधार हैं।