पंजाब में आंधी से PSPCL को करोड़ों का नुकसान:6 जिले सबसे ज्यादा प्रभावित, 1300 फीडर और 300 ट्रांसफॉर्मर प्रभावित; 83 हजार शिकायतें पहुंची

पंजाब में में 3 मई को आई आंधी से पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (PSPCL) को हुए नुकसान को लेकर मंगलवार को मंत्री संजीव अरोड़ा की अुगवाई में हाई लेवल मीटिंग हुई। इस दौरान पता चला कि मोहाली, पटियाला, जालंधर, लुधियाना, अमृतसर और गुरदासपुर जिले सबसे ज्यादा प्रभावित रहे। 66 केवी ट्रांसमिशन नेटवर्क अधिकांशतः सुरक्षित रहा, लेकिन डिस्ट्रीब्यूशन इंफ्रास्ट्रक्चर को भारी नुकसान पहुंचा। करीब 1300 ग्यारह केवी (11 केवी) फीडर प्रभावित हुए, लगभग 1500 बिजली पोल क्षतिग्रस्त हुए, 300 से ज्यादा ट्रांसफार्मर प्रभावित हुए और 70 किलोमीटर से अधिक एचटी/एलटी लाइनें खराब हुईं। इसके अलावा एक 220 केवी ट्रांसमिशन टावर को भी नुकसान पहुंचा। विभाग के मुताबिक, इस बार बिजली बाधित होने की घटनाएं पिछले साल की तुलना में तीन गुना अधिक रहीं और करीब 8 करोड़ रुपए के नुकसान का अनुमान है। 83 हजार से अधिक शिकायतें आई संजीव अरोड़ा ने विपरीत परिस्थितियों में दिन-रात काम करने वाली PSPCL टीमों की सराहना की। अधिकारियों ने बताया कि पूरे पंजाब में 83 हजार से ज्यादा शिकायतों का निपटारा किया गया, जिनमें से लगभग 70 फीसदी शिकायतें दो घंटे के भीतर हल कर दी गईं। बाकी मामलों में भारी इंफ्रास्ट्रक्चर नुकसान के कारण अधिक समय लगा। लगातार मॉनिटरिंग, रियल टाइम कोऑर्डिनेशन और फीडर पेट्रोलिंग के चलते PSPCL ने 24 घंटे के भीतर सभी प्रभावित क्षेत्रों में मुख्य नेटवर्क या वैकल्पिक व्यवस्था के जरिए बिजली आपूर्ति बहाल कर दी। क्षतिग्रस्त ढांचे की मरम्मत का काम फिलहाल प्राथमिकता के आधार पर जारी है। डिजास्टर प्रिपेयर्डनेस सिस्टम को मजबूत करने के निर्देश मंत्री संजीव अरोड़ा ने अधिकारियों को भविष्य में ऐसे मौसम संबंधी आपात हालात से निपटने के लिए डिजास्टर प्रिपेयर्डनेस सिस्टम मजबूत करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने प्रिवेंटिव मेंटेनेंस और इंफ्रास्ट्रक्चर अपग्रेडेशन पर जोर देते हुए तेज रिस्पॉन्स सिस्टम और फील्ड स्तर पर बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि आपात स्थिति में बिजली बहाली में किसी भी तरह की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आने वाले महीनों के लिए अधिकारियों को पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने उपभोक्ताओं को हुई असुविधा पर खेद जताते हुए लोगों के धैर्य और सहयोग के लिए धन्यवाद दिया और भरोसा दिलाया कि राज्य में मजबूत और बेहतर बिजली ढांचा तैयार करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *