पंजाब के तस्करों को राजस्थान पुलिस ने दौड़ाया,VIDEO:बोलेरो को टक्कर मारी, 120 की स्पीड में कार ट्रॉली में घुसी, ₹10 करोड़ की ड्रग्स पकड़ी

पंजाब के 2 नशा तस्करों को राजस्थान पुलिस ने 10 किलोमीटर तक पीछा करके गंगानगर से पकड़ लिया। आरोपी पाकिस्तान से आई ड्रग्स की डिलीवरी लेने के लिए गए थे। इसी बीच रास्ते में पुलिस ने नाकेबंदी कर रखी थी। लेकिन आरोपी ASI की बोलेरो को टक्कर मार नाकाबंदी तोड़कर भागे तो पुलिस ने 10 किलोमीटर आगे ट्रैक्टर ट्रॉली से समेजा कोठी में सड़क ब्लॉक करवा दी। तस्करों ने करीब 120 की स्पीड से कार दौड़ाई। सड़क ब्लॉक कर खड़ी ट्रैक्टर ट्रॉली को देख ब्रेक लगाए, लेकिन, कार ट्रॉली के नीचे घुस गई। इसके बाद दोनों अलग-अलग दिशाओं में भागे। इसका वीडियो में सामने आया है। पुलिस और स्थानीयों ने उनका पीछा कर खेत से पकड़ लिया। उसके पास से करीब 10 करोड़ रुपए की ड्रग्स मिली है। पाकिस्तान से आई ड्रग्स को लेने गए थे पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की कार से मिली पिस्टल पर चाइना और पाकिस्तान की मुहर लगी है। पुलिस अब ये पता लगाने का प्रयास कर रही है कि ये ड्रग्स और हथियार कहां सप्लाई होने थे। आरोपियों से पूछताछ में सामने आया है कि 4 दिन पहले पाकिस्तान से गिराए ड्रग्स और हथियारों की डिलीवरी लेने ये दोनों यहां आए थे। हथियार और ड्रग्स की कीमत 10 करोड़ रुपए आंकी गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुलविंदर सिंह (27) और रॉबिन सिंह (23) के नाम से हुई। दोनों फाजिल्का के महात्मा नगर के रहने वाले हैं।कुलविंदर सिंह पर पहले भी फाजिल्का में हेरोइन तस्करी का केस दर्ज है। एसपी हरिशंकर ने बताया कि यह हेरोइन, अफीम और पिस्टल भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए गिराए गए थे। पंजाब के यह युवक समेजा कोठी थाना क्षेत्र में ड्रग्स व हथियारों की सप्लाई लेने आए थे। कॉन्स्टेबल को मिली थी सूचना समेजा कोठी एसएचओ कृष्ण कुमार ने बताया कि थाने में ड्यूटी पर तैनात कॉन्स्टेबल कालूराम को कल (4 अप्रैल) 11 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि शहर में पाकिस्तान से आई ड्रग्स और हथियारों की तस्करी होनी है। सूचना मिलते ही, कॉन्स्टेबल कालूराम और कॉन्स्टेबल सूरजभान को सलेमपुरा गांव की चौकी के पास बाजूवाला रोड पर नाकाबंदी के लिए कहा। ASI की बोलेरो को टक्कर मार भागे थाना प्रभारी ने कहा कि पहली नाकाबंदी पर एएसआई विनोद कुमार बोलेरो लेकर खड़े थे। पहले तस्करों ने नाकाबंदी तोड़ी और इसके बाद ASI की बोलेरो को टक्कर मारकर आगे बढ़ने लगे। तस्कर भारतमाला रोड की ओर बढ़ रहे थे। इसकी सूचना मिलते ही हमने 10 किमी. आगे 75 एनपी मोड़ पर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को खड़ा कर रास्ता बंद कर दिया। 120 की स्पीड में आए, ट्रॉली में जा घुसे थाना प्रभारी ने कहा कि दोपहर 2 बजे अनूपगढ़ की तरफ से सफेद कार KIA सोनेट आती दिखी। पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो तस्करों ने गाड़ी दौड़ा दी। तस्करों ने ट्रैक्टर ट्रॉली देख गाड़ी के ब्रेक लगाने की कोशिश की। इसी दौरान तस्करों की कार ट्राली से टकरा गई। कार रुकते ही दोनों अलग-अलग दिशाओं में भागे। इसके बाद दोनों का पीछे कर ग्रामीणों की मदद से उन्हें पकड़ लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *