BJP नेता की गोली से 1 की मौत, 5 घायल:3 दिन पहले हिसार में पार्टी जॉइन की, बोले-मुझे मारने आए थे; पुलिस ने अरेस्ट किया

हरियाणा के हिसार में चुनाव प्रचार के बीच खूनी संघर्ष हो गया। भाजपा नेता प्रदीप सोनी पर नकाबपोशों ने लाठी-डंडों से हमला किया। इसके बाद सोनी ने लाइसेंसी पिस्टल से कई राउंड फायरिंग की। इसमें गोली लगने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि 5 घायल हो गए। घायलों को हिसार के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। प्रदीप सोनी 2 मई को ही BJP में शामिल हुए। उन्होंने उकलाना नगर पालिका से भाजपा प्रत्याशी निकिता गोयल को समर्थन दिया था। अभी पूरी वारदाात की वजह सामने नहीं आई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक प्रदीप रात को भारतीय स्टेट बैंक के पास कन्फेक्शनरी शॉप पर सामान लेने गए थे, इसी दौरान यह वारदात हुई। उधर, गोली लगने से मरे युवक की पहचान आदमपुर क्षेत्र के गांव भाणा निवासी शुभम के रूप में हुई है। वहीं, प्रदीप सोनी का बयान भी सामने आया है। उन्होंने कहा- बचाव में मैंने हवाई फायर किया। फिर भी हमलावर मारने से नहीं रुके तो मैंने गोलियां चलाई। अगर गोली नहीं चलाता तो हमलावर मुझे मार देते। वहीं, उकलाना थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि इस मामले में मंगलवार को दोपहर पुलिस ने बीजेपी नेता प्रदीप सोनी को अरेस्ट कर लिया है। उनके खिलाफ सदलपुर के युवक मुकेश के बयान के आधार पर रिपोर्ट भी दर्ज की गई है। एसपी ने मामले की जांच के लिए एसआईटी बनाई है। फायरिंग की घटना से जुड़े कुछ PHOTOS… कैसे हुआ पूरा घटनाक्रम, कन्फेक्शनरी मालिक ने बताईं ये बातें… बीजेपी नेता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज, पुलिस ने बताईं ये बातें… सदलपुर के मुकेश के बयान पर दर्ज की एफआईआर बीजेपी नेता प्रदीप सोनी पुत्र महाबीर सिंह निवासी वार्ड नंबर-3, उकलाना मंडी के खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज की गई है। थाना उकलाना प्रभारी कुलदीप ने बताया कि मुकेश कुमार उर्फ मुक्की पुत्र सुन्दर निवासी सदलपुर (हिसार) के बयान पर मामला दर्ज किया गया है। मुकेश के अनुसार, चार मई को वह अपने साथियों शुभम पुत्र आत्माराम, विवेक उर्फ जतिन पुत्र अशोक निवासीगण भाणा, सुग्रीव पुत्र सीताराम निवासी सदलपुर, पवन पुत्र सुरजीत निवासी बडोपल, सोनू पुत्र उमेद निवासी बाण्डा हेडी और मोनू पुत्र सुभाष निवासी सदलपुर के साथ बोलेरो गाड़ी नंबर HR20BD-6824 में अपने दोस्त दीपक उर्फ बेदी निवासी बुढ़ाखेड़ा से मिलने गया था। दीपक बेदी ने बताया कि प्रदीप उसे परेशान करता है मुकेश कुमार उर्फ मुक्की के अनुसार, वह अपने दोस्तों के साथ रात करीब 10:30 बजे उकलाना मंडी में मौजूद था, जहां दीपक उर्फ बेदी ने उन्हें बताया कि प्रदीप सोनी उसे परेशान करता है। यह भी बताया कि प्रदीप एसबीआई बैंक के पास कन्फेक्शनरी की दुकान पर अपनी काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी लेकर गया है। इस पर वे सभी मौके पर पहुंचे और प्रदीप से बातचीत की। मगर, बातचीत में कहासुनी हो गई, जिस पर प्रदीप ने अपने पिस्टल से उन सब पर फायरिंग कर दी। प्रदीप की फायरिंग में शुभम को लगी गोली, मौत हुई फायरिंग के दौरान शुभम के सीने में गोली लगने से उसकी मौत हो गई। थाना प्रभारी ने बताया की घटना के संबंध में थाना उकलाना में धारा 103, 109 BNS तथा 25/54/59 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। एसपी हिसार के निर्देशानुसार मामले की जांच के लिए विशेष टीम गठित की गई। टीम ने आरोपी प्रदीप को काबू कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी से महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई है। घटना में प्रयुक्त हथियार के संबंध में पूछताछ जारी है। उधर, मृतक शुभम के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा किया जा सके। शुभम के दोस्त ने बताया-बेदी ने पहले दारू पिलवाई, फिर यह काम करवाया गोली लगने से जान गंवाने वाले शुभम के दोस्त रोहित ने बताया- शुभम मेरे साथ मेरे कमरे पर रहता था। उसके पास बजरंग का फोन आया है कि ऐसे-ऐसे बेदी का झगड़ा हुआ है, मैं नहीं आ सकता, इसलिए तुझे जाना है। इस पर शुभम रेडी होकर एक लड़के सोनू को साथ लेकर गया है। बजरंग ने 5 लड़के और भेजे। जतिन, रिस्की, मुखिया, भामू और एक और था। इसके बाद 5 लड़के बोलेरो लेकर आते हैं और शुभम व सोनू को बाईपास से पिक करते हैं। वहां से उकलाना मंडी लेकर जाते हैं। वहां बेदी मिलता है। बेदी ने आगे की प्लानिंग बताई है कि ऐसे-ऐसे करना है। बेदी को मैं नहीं चाहता। इन लोगों ने ही बताया कि बेदी ने पहले दारू पिलाई फिर यह काम करवाया। इनका यूज किया गया। सोनी बोले-वो मुझे मार देते तो बच्चों का कौन होता घायल प्रदीप सोनी ने दैनिक भास्कर एप से बातचीत में बताया-मैं मेरे दोस्त के ऑफिस में बैठा था। सोमवार की रात करीब 10 बजकर 35-40 मिनट पर चला था। घर जा रहा था। बीच रास्ते में मैंने बच्चों के लिए चॉकलेट-किंडरजॉय लिए। रास्ते में गाड़ी रोककर दुकान के अंदर चला गया गया। सामान लेकर वापस आया तो बोलेरो में 7-8 लोग आए। वो लट्ठ-रॉड ले रहे थे। उन्होंने मेरे ऊपर फायर भी किया। मेरे सिर पर लट्ठ और रॉड मारी। मेरे पास लाइसेंसी हथियार था। वो तो मुझे मार कर चले जाते। मेरे बच्चों का कौन होता। मेरे पास एक ही हथियार था, जो मैंने इस्तेमाल किया। मैंने 2-3 दिन पहले BJP जॉइन की थी, वहीं वजह है, ऐसे मुझे लग रहा है। बेदी हमसे भी महीने दो महीने में पैसे ले जाता है सोनी ने आगे कहा-पवन बेदी चटेरी लड़का है, बुढ़ाखेड़ा का है। हमसे भी कभी महीने-दो महीने में 100-200, 500 ओर हजार रुपए ले जाता है। उससे कोई रंजिश नहीं है। अभी हमले की वजह को लेकर कुछ नहीं कह सकते। किसी के बारे में गलत नहीं कह सकते। प्रदीप सोनी ने भाजपा प्रत्याशी को दिया था समर्थन 2 मई को उकलाना की पुरानी अनाज मंडी में प्रदीप सोनी द्वारा स्वर्णकार समाज की ओर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली, फतेहाबाद के जिला अध्यक्ष प्रवीण जोड़ा, भाजपा नेता श्रीनिवास गोयल, हिसार जिला हिसार अध्यक्ष डॉ. आशा खेदड़, पूर्व मंत्री अनूप धानक सहित कई भाजपा नेता पहुंचे थे। इसी दौरान सोनी ने भाजपा जॉइन की और पार्टी प्रत्याशी निकिता गोयल को समर्थन दिया। इस दौरान भाजपा प्रत्याशी को लड्डुओं से तोला। सोनी भाजपा प्रत्याशी के चुनाव प्रचार में लगे हुए थे। सोनी के साथ कार्यक्रम में निर्दलीय उम्मीदवार रीमा सोनी के ताऊ हरीश सोनी व चचेरे भाई ने भी भाजपा जॉइन की थी। 7 को CM को प्रचार के लिए आना है उकलाना नगरपालिका चेयरपर्सन पद के लिए भाजपा प्रत्याशी निकिता गोयल के समर्थन में मतदाताओं से वोटों की अपील करने के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 7 मई को उकलाना पहुंचने का कार्यक्रम है। ऐसे में उकलाना में हुई ये घटना अब चर्चा का विषय बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *