गुरुग्राम में झुग्गी में लगी आग, व्यक्ति की मौत:शॉर्ट सर्किट की आशंका, बंगाल का रहने वाला; पुलिस ने मलबे से निकाला शव

गुरुग्राम शहर में सेक्टर-53 स्थित झुग्गी बस्ती में देर रात एक झुग्गी में आग लग गई। अचानक लगी आग में झुलसने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान 40 वर्षीय रोबिन दास के रूप में हुई है, जो मूल रूप से पश्चिम बंगाल का रहने वाला था और काफी समय से यहां मजदूरी कर अपना गुजारा कर रहा था। शुरुआती जांच में पुलिस ने आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि रोबिन को अपनी झुग्गी से बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। आग की लपटों ने देखते ही देखते पूरी झुग्गी को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के वक्त रोबिन अकेला था, जबकि उसके पास की ही अन्य झुग्गी में उसकी बेटी और दामाद भी रहते थे। मौके पर पहुंची पुलिस घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीमें मौके पर पहुंची, तब तक आग बुझाई जा चुकी थी। हालांकि लोगों ने खुद ही आसपास की अन्य झुग्गियों में आग को फैलने से रोका। हालांकि, जब तक आग बुझाई गई, रोबिन दास की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को मलबे से निकालकर कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए शवगृह भिजवा दिया है। असुरक्षित बिजली कनेक्शनों पर सवाल गुरुग्राम में झुग्गी बस्तियों में इस तरह की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। इन इलाकों में अवैध और असुरक्षित बिजली कनेक्शन अक्सर बड़े हादसों का कारण बनते हैं। स्थानीय प्रशासन और बिजली निगम द्वारा बार-बार चेतावनियों के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हो रहा है, जिसका खामियाजा गरीब मजदूरों को अपनी जान देकर भुगतना पड़ता है। मामले की जांच में जुटी पुलिस पुलिस अब मामले की विस्तृत जांच कर रही है, ताकि आग लगने के कारणों की आधिकारिक पुष्टि की जा सके। पुलिस द्वारा आज शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। फिलहाल, रोबिन के परिवार में मातम का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *