सोनीपत में अभय सिंह ने बीजेपी-कांग्रेस पर साधा निशाना:बोले-विनेश को कंधों पर बैठाकर की राजनीति; रेखा शर्मा के बयान पर जताई नाराजगी

हरियाणा में नगर निकाय चुनावों को लेकर सियासी तापमान चरम पर पहुंच गया है। सभी दल अपने-अपने दावों और आरोप-प्रत्यारोप के साथ मैदान में उतर चुके हैं। इसी कड़ी में सोनीपत पहुंचे इंडियन नेशनल लोकदल के वरिष्ठ नेता अभय सिंह चौटाला ने चुनावी माहौल को और गर्म कर दिया। उन्होंने जहां अपने उम्मीदवारों की जीत का बड़ा दावा किया, वहीं बीजेपी और कांग्रेस दोनों पर जमकर निशाना साधा। सोनीपत में मीडिया से बातचीत के दौरान अभय सिंह चौटाला ने नगर निगम मेयर चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि INLD इस बार मजबूत स्थिति में है और पार्टी के उम्मीदवार शानदार प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी जनता के बीच झूठे वादों के साथ नहीं जा रही, बल्कि जमीनी मुद्दों के आधार पर चुनाव लड़ रही है। बीजेपी पर वादाखिलाफी के आरोप अभय सिंह चौटाला ने बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि इनेलो पार्टी हजारों करोड़ के खोखले वादे नहीं कर रही। उन्होंने सवाल उठाया कि सरकार बताए कि जो करोड़ों रुपए की ग्रांट आई, वह आखिर कहां खर्च हुई। चौटाला ने आरोप लगाया कि बीजेपी ने अपने कार्यकाल में जनता से किए गए वायदों को पूरा नहीं किया और अब चुनाव के समय फिर से बड़े-बड़े दावे कर रही है। कांग्रेस के घोषणा पत्र पर भी उठाए सवाल कांग्रेस के अलग घोषणा पत्र को लेकर भी चौटाला ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भी केवल कागजी वादों तक सीमित है और जमीन पर कोई ठोस काम नहीं हुआ। जनता अब इन पार्टियों के झूठे वादों को समझ चुकी है और इस बार बदलाव का मन बना चुकी है। रेखा शर्मा के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल पर दिए गए बयान को लेकर भी अभय सिंह चौटाला ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति तीन बार मुख्यमंत्री रहा हो और अब इस दुनिया में नहीं है, उसके खिलाफ इस तरह के बयान देना बेहद अपमानजनक है। उन्होंने मांग की कि रेखा शर्मा को इसके लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। विनेश फोगाट मुद्दे पर हुड्डा परिवार पर हमला जुलाना से विधायक और पहलवान विनेश फोगाट के मामले में अभय सिंह चौटाला ने हुड्डा परिवार को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि जब विनेश फोगाट न्याय की लड़ाई लड़ रही थीं, तब भूपेंद्र सिंह हुड्डा और दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने उन्हें कंधों पर बैठाकर केवल राजनीतिक फायदा उठाने का काम किया। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय दोनों नेताओं ने अपनी राजनीति चमकाने की कोशिश की, लेकिन अब जब मुद्दा गंभीर है तो कांग्रेस चुप क्यों है। चौटाला ने कहा कि विनेश फोगाट आज अकेले अपनी लड़ाई लड़ रही हैं और यदि उनके साथ कुछ भी गलत हुआ तो इसका असर खेलों पर पड़ेगा, क्योंकि माता-पिता अपनी बेटियों को कुश्ती में भेजने से डरेंगे। बंगाल की राजनीति पर भी साधा निशाना पश्चिम बंगाल की राजनीति को लेकर भी अभय सिंह चौटाला ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि वहां वोट काटने का खेल हुआ है और सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग किया गया। साथ ही उन्होंने ममता बनर्जी के प्रति सहानुभूति जताते हुए कहा कि उनके साथ बदसलूकी की गई, जो लोकतंत्र के लिए सही संकेत नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *