सीवान- ज्वेलरी शॉप से 20 लाख की लूट:5 अपराधियों ने 10 राउंड फायरिंग की; भीड़ ने एक को पकड़कर लाठी-डंडे से पीटा, बाइक भी जलाई

सीवान में बुधवार को दिनदहाड़े करीब 20 लाख रुपए की लूट हुई है। 5 बदमाशों ने ज्वेलरी शॉप में घुसकर सोना-चांदी के गहने और नकदी लूट ली। वारदात के बाद अपराधियों ने करीब 10 राउंड फायरिंग भी की और भागने लगे। इसी दौरान स्थानीय लोगों ने एक लुटेरे को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। आक्रोशित भीड़ ने मौके पर उसकी बाइक में भी आग लगा दी। घटना जीरादेई थाना क्षेत्र के जामापुर बाजार स्थित ओम साई ज्वेलरी शॉप की बताई जा रही है। सूचना मिलने के बाद भारी संख्या में पुलिस मौके पर पहुंच गई। बताया जा रहा है कि घटनास्थल से करीब 500 मीटर की दूरी पर पहले से ही पुलिस कैंप कर रही थी। ज्वेलरी शॉप में लूट की 3 तस्वीरें देखिए… बाइक सवार 5 अपराधियों ने दिया वारदात को अंजाम स्थानीय लोगों के अनुसार, दो अपाची बाइक पर सवार 5 अपराधी बाजार पहुंचे और सीधे ज्वेलरी दुकान में घुस गए। हथियार के बल पर उन्होंने दुकान में मौजूद लोगों को डराया-धमकाया और करीब 300 ग्राम सोना, लगभग 9 किलो चांदी के आभूषण और नकदी लूट ली। वारदात के दौरान अपराधियों ने किसी को संभलने तक का मौका नहीं दिया। लूट के बाद अपराधियों ने बाहर निकलते ही ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी, ताकि कोई उनका पीछा न कर सके। लगातार हो रही गोलीबारी से पूरे बाजार में दहशत का माहौल बन गया। दुकानदारों और ग्रामीणों की बहादुरी वारदात के दौरान जहां एक ओर लोग डरकर छिपने लगे, वहीं कुछ दुकानदारों और ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाई। उन्होंने मिलकर एक अपराधी को पकड़ लिया और पिटाई के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया। हालांकि, अन्य अपराधी फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की इस बहादुरी की पूरे इलाके में चर्चा हो रही है। वहीं यह सवाल भी उठ रहा है कि अगर आम लोग आगे नहीं आते, तो शायद सभी अपराधी आसानी से फरार हो जाते। लग्न सीजन का उठाया फायदा दुकान के मालिक टिंकू सोनार ने बताया कि लग्न के मौसम को देखते हुए दुकान में बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण रखे गए थे, जिसका फायदा उठाकर अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने कहा कि अपराधियों ने बेहद योजनाबद्ध तरीके से घटना को अंजाम दिया और सीधे कीमती सामान को निशाना बनाया। टिंकू सोनार ने पांच अज्ञात अपराधियों के खिलाफ लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस जांच और गिरफ्तारी का दावा इस मामले में थानाध्यक्ष राहुल तिवारी ने बताया कि सोने-चांदी की लूट की घटना की पुष्टि हुई है। पुलिस ने एक अपराधी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर बाकी अपराधियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी। साथ ही लूटे गए आभूषणों की बरामदगी के लिए छापेमारी जारी है। गश्ती व्यवस्था पर उठे सवाल घटना के बाद पुलिस की गश्ती व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। जिस स्थान पर वारदात हुई, वहां से कुछ ही दूरी पर पुलिस गश्ती मौजूद थी, इसके बावजूद अपराधियों ने इतनी बड़ी घटना को अंजाम दे दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर गश्ती व्यवस्था सक्रिय होती, तो वारदात को रोका जा सकता था या अपराधियों को मौके पर ही पकड़ा जा सकता था। इलाके में दहशत का माहौल घटना के बाद जामापुर बाजार और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। व्यापारी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और पुलिस प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग कर रहे हैं। लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं ने लोगों के मन में डर पैदा कर दिया है। अब सभी की नजर पुलिस कार्रवाई पर टिकी है कि फरार अपराधियों की गिरफ्तारी कब तक होती है और मामले का खुलासा कब किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *