पठानकोट में हाई अलर्ट, इंटरस्टेट नाकों पर सुरक्षा कड़ी:जालंधर-अमृतसर में धमाकों के बाद हिमाचल व जम्मू-कश्मीर की सीमाओं पर बढ़ाई सुरक्षा

जालंधर-अमृतसर में हुए धमाकों के बाद जहां सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हो गई हैं। वहीं, सुरक्षा के लिहाज से अति संवेदनशील एवं सीमावर्ती जिला पठानकोट में पुलिस ने सुरक्षा प्रबंध कड़े कर दिए हैं। पठानकोट पुलिस की ओर से अलग-अलग जगह पर सुरक्षा पुख्ता करने के लिए नाकाबंदी कर दी गई है।
वहीं, पंजाब के पहले जिला पठानकोट के साथ लगते जम्मू-कश्मीर व हिमाचल के इंटर स्टेट नाकों पर पुलिस ने सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए फोर्स बढ़ा दी है। ताकि, कोई शरारती तत्व किसी अप्रिय घटना को अंजाम न दे सके। पुलिस और सेना का संयुक्त सर्च
बता दें, पठानकोट की बड़ी सीमा पाकिस्तान के साथ सटी है। वहीं, जम्मू-कश्मीर से पंजाब का प्रवेश द्वार भी पठानकोट है। इसलिए इसे अति संवेदनशील जिले की श्रेणी में रखा गया है। पंजाब में हुए धमाकों के चलते सुरक्षा एजेंसियां पठानकोट में सक्रिय हो गईं हैं। बुधवार को पठानकोट पुलिस और सेना की ओर से भारत-पाक सीमा से सटे इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया।
इंटर स्टेट नाको पर सुरक्षा पुख्ता
पठानकोट में सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बना दिया गया है। जम्मू और हिमाचल प्रदेश को जोड़ने वाले सभी एंट्री पॉइंट्स पर पुलिस की पैनी नजर है। हर आने-जाने वाले वाहन की बारीकी से तलाशी ली जा रही है। संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और बिना पहचान पत्र के किसी को भी सीमा पार करने की अनुमति नहीं दी जा रही है। धमाकों की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिदेशक और जिला स्तर के वरिष्ठ अधिकारियों ने खुद मोर्चा संभाला है। चक्की पुल और माधोपुर में बढ़ाई सतर्कता
पंजाब को पठानकोट के रास्ते हिमाचल से जोड़ने वाले चक्की पुल पर पुलिस की ओर से सतर्कता बढ़ा दी गई है। हर वाहन की गंभीरता से तलाशी ली जा रही है। वहीं, जम्मू-कश्मीर को पंजाब से जोड़ने वाले माधोपुर इंटरस्टेट नाके पर भी पुलिस पार्टियां मुस्तैद हैं। वाहनों की गहनता से जांच की जा रही है। ताकि, कोई शरारती तत्व किसी वारदात को अंजाम न दे सके।
मंगलवार रात से हर गाड़ी की चेकिंग
थाना डिवीजन नंबर 2 के एसएचओ अरुण कालिया ने बताया कि एसएसपी पठानकोट दलजिंदर सिंह ढिल्लो के दिशा निर्देशों के अनुसार पूरे जिले में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। कल रात से ही पठानकोट के साथ लगते जम्मू व हिमाचल से आने वाली हर गाड़ी को चेक किया जा रहा है। ताकि किसी भी प्रकार कि अप्रिय घटना को रोका जा सके। सुरक्षा एजेंसियों के बीच आपसी तालमेल राज्य में पैदा हुई मौजूदा स्थिति को देखते हुए पठानकोट पुलिस अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ निरंतर संपर्क में है। संवेदनशील इलाकों और सार्वजनिक स्थलों जैसे रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर भी गश्त बढ़ा दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह हाई अलर्ट आगामी आदेशों तक जारी रहेगा और सुरक्षा मानकों में किसी भी तरह की ढील नहीं बरती जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *