गाजियाबाद में दिनदहाड़े ATM कैश वैन से 20 लाख लूटे:ड्राइवर को बंधक बनाया, फायरिंग की; 8 किमी दूर वैन छोड़कर भागे

गाजियाबाद में बुधवार दोपहर 1 बजे 3 बदमाशों ने 20 लाख रुपए से भरी ATM कैश वैन लूट ली। इंडिया वन कंपनी की इस कैश वैन के ड्राइवर को बदमाशों ने बंधक बना लिया और फायरिंग भी की। इसके बाद कैश वैन लेकर एक्सप्रेस-वे के रास्ते हापुड़ की ओर भाग निकले। ड्राइवर को डरा-धमकाकर गाड़ी से नीचे उतार दिया। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी की, तो उन्हें घटनास्थल से करीब 8 किमी दूर दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर कैश वैन लावारिस हालत में मिली। उसमें रखे रुपए गायब थे। डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने बताया कि कैश वैन से कितनी रकम लूटी गई, इसका पता लगाया जा रहा है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। बदमाशों की तलाश में दबिश दी जा रही है। मामला जिला मुख्यालय से 7 किमी दूर क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने नोएडा निवासी ड्राइवर तेजभान और एक अन्य कर्मचारी को हिरासत में लिया है। इन पर कैश वैन लूट में शामिल होने का शक है। ड्राइवर को अकेला पाकर बंधक बनाया
एचपी पेट्रोल पंप के पास इंडिया वन का ATM बूथ है। यह मेन रोड से करीब 50 मीटर अंदर गली में है। बुधवार दोपहर 1 बजे कंपनी के 4 कर्मचारी कैश वैन लेकर ATM में पैसा डालने गए थे। गार्ड और 2 कर्मचारी कैश लेकर ATM की तरफ चले गए। ड्राइवर वैन में बैठा था। तभी मौका पाकर 3 बदमाशों ने वैन पर धावा बोल दिया। तमंचे के बल ड्राइवर को बंधक बना लिया। ड्राइवर ने विरोध करना चाहा, तो हवा में फायरिंग कर दी। इससे ड्राइवर डर गया। फिर बदमाश कैश वैन लेकर भाग गए। इसके बाद ड्राइवर ने शोर मचाया, तो आसपास के लोग इकट्‌ठा हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस एक्शन में आई। शहरभर में नाकाबंदी कर चेकिंग अभियान शुरू किया। करीब 2 घंटे बाद कैश वैन मसूरी थाना क्षेत्र में बरामद कर ली गई। लेकिन, उसमें रखा कैश नहीं मिला। कैश वैन के कर्मचारियों के मुताबिक, वे बैंक से करीब 25 लाख रुपए लेकर निकले थे। 5 लाख रुपए डालने लिए ATM के अंदर गए थे। जिस वक्त लूट हुई, वैन में करीब 20 लाख रुपए कैश मौजूद था। इसी को बदमाश लूट ले गए। कैश वैन के पास पैदल घूम रहे थे बदमाश
डीसीपी धवल जायसवाल ने बताया- अभी तक की जांच-पड़ताल में सामने आया है कि 3 बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया। जहां कैश वैन खड़ी थी, वहां बदमाश पैदल घूम रहे थे। कंपनी के कर्मचारी कैश डालने के लिए कैश बॉक्स को ATM मशीन में लेकर पहुंचे। तभी वहां घूम रहे 3 बदमाशों ने ड्राइवर को अकेला देखकर गाड़ी को लूट लिया। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे से बदमाश नीचे उतरते हुए हापुड़ की तरफ भागे। वैन में कैश नहीं मिला है। कंपनी के कर्मचारियों से पूछताछ में सामने आया कि 20 लाख रुपए वैन में था। जिसे बदमाश ले गए हैं। मसूरी के आगे हापुड़ जिले का बॉर्डर है। ऐसे में बदमाश हापुड़ की तरफ भागे होंगे। लूटे गए कैश का आकलन किया जा रहा
डीसीपी धवल जायसवाल ने बताया कि लूटी गई रकम का आकलन किया जा रहा है। इसके लिए रिकॉर्ड मंगवाए गए हैं। जिससे पता लगाया जा सके कि कितना कैश एटीएम में जमा हो चुका था और कितना वैन में बचा था। मामले के खुलासे के लिए पुलिस की 8 टीमें बनाई गई हैं। आसपास के CCTV की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही संस्था के कर्मचारियों और ड्राइवर से भी पूछताछ की जा रही है। ———————— ये खबर भी पढ़िए- बच्चे से कुकर्म-हत्या के आरोपी को एनकाउंटर में मार गिराया, हरदोई में मेले से अपहरण किया, फिरौती न देने पर की थी वारदात हरदोई में 7 साल के बच्चे के अपहरण के बाद हत्या के आरोपी महनूर को पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया। उस पर एक दिन पहले ही 50 हजार रुपए का इनाम घोषित हुआ था। पुलिस के मुताबिक, बुधवार तड़के 3 बजे पुलिस ने 27 साल के महनूर को रोका तो उसने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में सीने में गोली लगने से उसकी मौत हो गई। पढ़ें पूरी खबर…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *