पंजाब-चंडीगढ़ में आज गरज-चमक और बारिश का अलर्ट:तेज हवाएं चलेंगी, AC का तापमान 24 से 25 डिग्री रखने की हिदायत; तापमान में 0.1° गिरावट

पंजाब के तीन जिलों और चंडीगढ़ में आज (सात मई) कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ आंधी और बिजली गिरने की संभावना है। इस दौरान 30 से 40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। आठ और नौ मई को मौसम ड्राई रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के मुताबिक गत 24 घंटे में अधिकतम तापमान में 0.1 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। अब यह सामान्य से 6 डिग्री नीचे बना हुआ है। सबसे अधिक तापमान 34.1 डिग्री तापमान रोपड़ में दर्ज किया गया है। वहीं, चंडीगढ़ प्रशासन ने बिजली की खपत को कम करने के लिए तय किया है कि सरकारी विभागों, शिक्षण संस्थानों, व्यवसायिक भवनों और बड़े प्रतिष्ठानों में एसी का तापमान 24 से 25 डिग्री रखा जाएगा। पठानकोट, होशियारपुर और रूपनगर में अलग-अलग स्थानों पर गरज-चमक के साथ आंधी और बिजली गिरने की संभावना है। इन जिलों में ही हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। 10 मई से नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक फिलहाल पहाड़ों के आसपास वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय है, जिसकी वजह से मौसम में बदलाव बना हुआ है। 10 मई से एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों को प्रभावित कर सकता है, जिससे पहाड़ी इलाकों में बारिश और मौसम बदलने की संभावना है। पंजाब में अगले कुछ दिनों तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है। राज्य के अधिकांश हिस्सों, जैसे गुरदासपुर, अमृतसर, फिरोजपुर, बठिंडा, जालंधर, लुधियाना और पटियाला में बारिश की संभावना बहुत कम है और करीब 90% क्षेत्रों में मौसम सूखा बना रहेगा। हालांकि कुछ जगह बारिश हो सकती है। बारिश की गतिविधियां कम होने के कारण तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। फिलहाल तापमान जहां 30 डिग्री सेल्सियस के निचले स्तर पर बना हुआ है, वहीं आने वाले दिनों में इसके बढ़कर ऊपरी 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। हालांकि हवा में नमी बनी रहने से बीच-बीच में हल्के बादल छा सकते हैं, लेकिन व्यापक बारिश की संभावना फिलहाल बेहद कम है। चार जिलों का तापमान 35 से अधिक राज्य के 4 जिलों में तापमान 35 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। इनमें पटियाला में 36.4 डिग्री, बठिंडा में 35.5 डिग्री, नवांशहर (एसबीएस नगर) में 35.5 डिग्री और फाजिल्का में 35.0 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। इसके अलावा अमृतसर और लुधियाना में 34.6 डिग्री, चंडीगढ़ में 34.3 डिग्री, पठानकोट में 33.9 डिग्री, मोहाली में 33.3 डिग्री, रोपड़ में 33.4 डिग्री, होशियारपुर में 32.1 डिग्री और गुरदासपुर में 30.0 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। 48 घंटे में तापमान बढ़ेगा मौसम विभाग के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल के मुताबिक कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। अगले 48 घंटों में अधिकतम तापमान में लगभग 2 डिग्री की बढ़ोतरी होगी, जिसके बाद तापमान में 3 से 4 डिग्री की गिरावट आने की संभावना है। हालांकि 10, 11 और 12 मई को राज्य के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। अगले 5 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 5 से 7 डिग्री बढ़ोतरी दर्ज होने की संभावना है। कैसे रहेगा आने वाले तीन दिन मौसम आठ मई – किसी तरह कोई अलर्ट नहीं नौ मई – किसी तरह का कोई अलर्ट नहीं 10 मई – पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर और एसएएस नगर (मोहाली) में अलग-अलग स्थानों पर गरज-चमक के साथ आंधी-बिजली गिरने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *