हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिला के संगड़ाह में दो सगे भाइयों की खड्ड में डूबने से मौत हो गई। 8 साल के अयान और 9 साल के अभिनव की मौत के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना के अनुसार दोनों बच्चे बुधवार शाम के वक्त गांव के पास जंगल में बकरियां और बैल चराने गए थे। इस दौरान पानी के तेज बहाव में बह गए और बाहर नहीं निकल पाए। इससे दोनों की मौत हो गई। शाम तक जब दोनों बच्चे घर वापस नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों ने आसपास के जंगल और खड्ड क्षेत्र में उनकी तलाश शुरू की। देर शाम तक चले सर्च अभियान के बाद दोनों बच्चों के शवों को खड्ड से बाहर निकाला गया। बच्चों के शव मिलते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में मातम छा गया। ग्रामीणों के अनुसार- दोनों भाई अक्सर साथ ही रहते थे। बीते रोज भी साथ ही बकरियां और बेल चराने जंगल में गए थे। मगर दोनों वापस नहीं लौट सके। यह घटना संगड़ाह के देवामानल गांव की है। पोस्टमार्टम के लिए राजगढ़ भेजे शव सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए राजगढ़ अस्पताल भेजा। इसके बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। एसडीएम ने राहत राशि जारी करने के निर्देश दिए एसडीएम संगड़ाह सुनील कायथ ने घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने बताया कि तहसीलदार नौहराधार को पीड़ित परिवार को तुरंत राहत राशि जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही लोगों से बारिश के मौसम में नदी-नालों और खड्डों के किनारे विशेष सावधानी बरतने की अपील भी की गई है।