सोनीपत नगर निगम चुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस समेत सभी प्रमुख राजनीतिक दलों ने चुनाव प्रचार में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। एक ओर भाजपा के बड़े नेता लगातार जनसभाएं और रोड शो कर रहे हैं, वहीं कांग्रेस भी चुनावी मैदान में पूरी मजबूती के साथ उतर चुकी है। कांग्रेस के मेयर प्रत्याशी कमल दीवान और पार्षद उम्मीदवारों के समर्थन में पार्टी के कई दिग्गज नेता सोनीपत पहुंचे। कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन और जनसभाओं में नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, हरियाणा कांग्रेस प्रभारी बीके हरिप्रसाद, प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र और पूर्व सांसद एवं अभिनेता राज बब्बर ने शिरकत की। इस दौरान नेताओं ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए प्रदेश की कानून व्यवस्था, किसानों की समस्याओं, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और चुनावी वादों को लेकर सवाल उठाए। नेताओं ने जनता से कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि नगर निगम चुनाव आने वाले बड़े चुनावों की दिशा तय करेंगे। किसानों को लेकर सरकार पर साधा निशाना
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने किसानों के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार किसानों के साथ खिलवाड़ कर रही है और किसान को चोर समझती है। पहले “मेरा फसल मेरा ब्यौरा” योजना से किसानों को परेशान किया गया और अब मंडियों में बायोमेट्रिक प्रवेश लागू कर उन्हें और मुश्किलों में डाला जा रहा है। हुड्डा ने कहा कि किसान लगातार परेशान हैं लेकिन सरकार उनकी समस्याएं सुनने को तैयार नहीं है। नगर निगम चुनाव को बताया भविष्य की राजनीति का संकेत
पूर्व सीएम हुड्डा ने सोनीपत की जनता से कांग्रेस को वोट देने की अपील करते हुए कहा कि यह चुनाव सिर्फ नगर निगम तक सीमित नहीं हैं बल्कि हरियाणा की आगामी राजनीति की दिशा भी तय करेंगे। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस को मौका मिला तो नगर निगमों में फैले भ्रष्टाचार पर रोक लगाई जाएगी और विकास कार्यों को गति दी जाएगी। साथ ही उन्होंने दावा किया कि भाजपा के अंदर अब खुलकर गुटबाजी सामने आने लगी है। बंगाल हिंसा और पंजाब ब्लास्ट पर भी बोले हुड्डा
पश्चिम बंगाल में भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के पीए की हत्या के मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए हुड्डा ने कहा कि वे महात्मा गांधी के विचारों को मानने वाले लोग हैं और किसी भी प्रकार की हिंसा की कड़े शब्दों में निंदा करते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसा कोई काम नहीं होना चाहिए जिससे समाज में अशांति फैले। वहीं पंजाब में हुए बम धमाकों और सीएम भगवंत मान द्वारा भाजपा पर लगाए गए आरोपों को लेकर हुड्डा ने कहा कि पंजाब सरकार को पूरे मामले की गहन जांच करवानी चाहिए। राज बब्बर बोले- हिंसा किसी भी रूप में स्वीकार नहीं पूर्व सांसद और अभिनेता राज बब्बर ने भी पश्चिम बंगाल की घटनाओं पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि वहां जो कुछ हुआ वह सामान्य नहीं कहा जा सकता। उन्होंने साफ कहा कि किसी भी प्रकार की हिंसा उचित नहीं है और विरोध जताने के लोकतांत्रिक तरीके मौजूद हैं। पंजाब में हुए ब्लास्ट और भाजपा द्वारा दिए गए नोटिसों पर भी राज बब्बर ने कहा कि हिंसा कहीं भी हो उसका विरोध होना चाहिए। राहुल गांधी के आगमन पर बोले राज बब्बर सद्भाव यात्रा और राहुल गांधी के हरियाणा आगमन को लेकर पूछे गए सवाल पर राज बब्बर ने कहा कि राहुल गांधी उनके नेता हैं और उनके आने पर कोई सवाल नहीं उठता। उन्होंने कहा कि वे लगातार अलग-अलग क्षेत्रों में प्रचार के लिए जा रहे हैं और जनता में कांग्रेस के प्रति उत्साह देखने को मिल रहा है। राज बब्बर ने कहा कि वह कमल दीवान के परिवार को लंबे समय से जानते हैं और उनका परिवार पहले से समाज सेवा से जुड़ा रहा है। बीके हरिप्रसाद का बीजेपी पर तीखा हमला
हरियाणा कांग्रेस प्रभारी बीके हरिप्रसाद ने भी भाजपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा हिंदू-मुस्लिम, पाकिस्तान और बुलडोजर जैसे मुद्दों के सहारे चुनाव जीतने की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत नहीं बल्कि लोकतंत्र की हार हुई है। उन्होंने दावा किया कि वहां लाखों वोट काटकर सत्ता हासिल की गई। कांग्रेस में गुटबाजी से किया इनकार
हरियाणा कांग्रेस में गुटबाजी के सवाल पर बीके हरिप्रसाद ने कहा कि पार्टी पूरी तरह एकजुट होकर चुनाव लड़ रही है और कहीं कोई गुटबाजी नहीं है। उन्होंने भाजपा पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार के दौरान कई स्मार्ट सिटी विकसित की गई थीं, जबकि भाजपा सरकार एक भी नई स्मार्ट सिटी बसाने में सफल नहीं रही।