नवादा में शराब माफिया का पुलिस टीम पर हमला:छतों से पत्थरबाजी, जान बचाकर भागे; तीन SI-6 पुलिसकर्मी घायल,11 आरोपी अरेस्ट

नवादा में अवैध शराब कारोबारियों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। इस हमले में तीन सब-इंस्पेक्टर (SI) समेत छह पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक नाबालिग भी शामिल है। जानकारी के अनुसार, काशीचक थाना प्रभारी गौतम कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम बिरनावा गांव में अवैध शराब निर्माण की सूचना पर छापेमारी करने पहुंची थी। पुलिस के गांव में पहुंचते ही शराब माफियाओं ने घरों की छतों से पत्थरबाजी शुरू कर दी। घटना का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में दिख रहा है कि कुछ लोग पत्थर फेंकते हुए नजर आ रहे हैं। इस दौरान कुछ पुलिसकर्मी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आ रहे हैं। देखें, मौके से आई तस्वीरें… घायल पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट बताया जा रहा है कि पत्थरबाजी के दौरान कुछ हमलावर नीचे उतर आए और घायल पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट भी की। इस हमले में काशीचक थाना में तैनात SI दीप सिन्हा, कुणाल कुमार और बालेश्वर दास घायल हो गए। इसके अलावा दो सिपाही और एक चौकीदार भी जख्मी हुए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अतिरिक्त बल की मदद से कार्रवाई शुरू घटना की सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और अतिरिक्त बल की मदद से कार्रवाई शुरू की गई। थाना प्रभारी गौतम कुमार की निगरानी में पुलिस ने हमले में शामिल 11 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपी एक हर गांव के रहने वाले गिरफ्तार आरोपियों में टोटो मांझी, बिजली मांझी, प्रमोद मांझी, जितेंद्र मांझी, शीला देवी, सुमित्रा देवी, लाखो देवी, पारो देवी और कारी देवी शामिल हैं। सभी आरोपी बिरनावा गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। एक विधि-विरुद्ध बालक को भी निरुद्ध किया गया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए कई आरोपी पहले भी अवैध शराब निर्माण के मामलों में जेल जा चुके हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *