चंडीगढ़ में सेक्टर 37 स्थित पंजाब बीजेपी कार्यालय के बाहर लगे नए पोस्टरों ने सियासी हलचल बढ़ा दी है। पोस्टरों में लिखा है, “पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत के बाद अब पंजाब की बारी है।” पोस्टरों को बीजेपी के पंजाब मिशन से जोड़कर देखा जा रहा है। पोस्टरों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह समेत कई नेताओं की तस्वीरें लगाई गई हैं। इससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि बीजेपी अब पंजाब में संगठन मजबूत करने और चुनावी तैयारी को लेकर तेजी से काम कर रही है। नए चेहरों को जिम्मेदारी दिए जाने की संभावना लोकसभा चुनाव के बाद से बीजेपी ने पंजाब पर अपना ध्यान बढ़ा दिया है। पार्टी के वरिष्ठ नेता लगातार पंजाब दौरे कर रहे हैं और संगठन को मजबूत करने के लिए जिला स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक बैठकें की जा रही हैं। पार्टी अब सिर्फ शहरों तक सीमित रहने के बजाय गांवों और सीमावर्ती इलाकों में भी अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश में जुटी है। बीजेपी पंजाब में पार्टी संगठन को मजबूत करने के लिए नई योजना पर काम कर रही है। इसी के चलते पार्टी के अंदर बड़े बदलाव की चर्चाएं भी तेज हो गई हैं। आने वाले समय में कई नेताओं की जिम्मेदारियों में बदलाव हो सकता है, जबकि कुछ नए चेहरों को संगठन और चुनावी तैयारियों में अहम जिम्मेदारी दी जा सकती है। पार्टी विशेष तौर पर युवाओं, किसान वर्ग और सिख समुदाय तक पहुंच बढ़ाने की रणनीति बना रही है। इसके लिए पार्टी के अलग-अलग प्रकोष्ठ और टीमें भी सक्रिय की जा रही हैं। बीजेपी नेताओं का कहना है कि पार्टी पंजाब में नशा, कानून व्यवस्था, बेरोजगारी और विकास जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी। पंजाब को लेकर बीजेपी बना रही रणनीति हाल ही में सात सांसदों के बीजेपी में शामिल होने के बाद पार्टी का आत्मविश्वास और बढ़ा है। बीजेपी नेतृत्व इसे पंजाब में अपने विस्तार के संकेत के तौर पर देख रहा है। सूत्रों के मुताबिक केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी के राष्ट्रीय नेतृत्व और खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पंजाब को लेकर लगातार रणनीतिक बैठकों में जुटे हुए हैं। पंजाब बीजेपी अध्यक्ष सुनील जाखड़, बीजेपी प्रवक्ता विनीत जोशी और केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत बिट्टू भी लगातार बयान देकर यह संदेश देने की कोशिश कर रहे हैं कि पार्टी अब पंजाब में सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है। बीजेपी नेताओं का कहना है कि पश्चिम बंगाल में पार्टी के मजबूत प्रदर्शन के बाद अब अगला बड़ा राजनीतिक लक्ष्य पंजाब है। सरकार बनते ही नशा-गैंगस्टर खत्म कर देंगे हाल ही में अमित शाह पंजाब दौरे पर पहुंचे थे, जहां उन्होंने अपनी रैली के दौरान राज्य में बढ़ते नशे, गैंगस्टर गिरोह और कानून व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा। अमित शाह ने कहा था कि पंजाब लंबे समय से नशा तस्करी और गैंगस्टर गतिविधियों की समस्या से जूझ रहा है, जिसका असर युवाओं और कानून व्यवस्था पर पड़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि सीमा के रास्ते पंजाब में लगातार नशे की खेप पहुंच रही है और कई गैंगस्टर विदेश में बैठकर राज्य में अपराध को संचालित कर रहे हैं। शाह ने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर नशा तस्करों, गैंगस्टरों और उनके नेटवर्क के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जाएगा। रैली के दौरान अमित शाह ने यह भी कहा था कि पंजाब के कई जिलों में युवाओं के नशे की गिरफ्त में आने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं, जिससे परिवार और समाज दोनों प्रभावित हो रहे हैं। बीजेपी सरकार बनने पर सीमावर्ती इलाकों में निगरानी बढ़ाने, ड्रोन के जरिए होने वाली तस्करी रोकने और नशा तस्करों की संपत्तियों पर कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा शाह ने गैंगस्टर गिरोह को लेकर कहा था कि कई आपराधिक गिरोह समाजिक माध्यमों और विदेशों से संचालित हो रहे हैं, जिनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जरूरी है। उन्होंने कहा कि पंजाब में निवेश, उद्योग और रोजगार तभी बढ़ेगा जब राज्य में सुरक्षा का माहौल मजबूत होगा।