लुधियाना में पक्खोवाल रोड स्थित नारंगवाल चौक के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई जब रुई से लदे एक चलते ट्रक में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि ट्रक कई किलोमीटर तक धू-धू कर जलता हुआ सड़क पर दौड़ता रहा। घटना के दौरान राहगीरों ने वीडियो बनाई, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। जानकारी के अनुसार, ट्रक रुई मिल से माल लोड करके जा रहा था। जब ट्रक नारंगवाल चौक के पास पहुंचा तो तकनीकी खराबी के कारण उसमें आग लग गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगने के बावजूद चालक करीब 4 से 5 किलोमीटर तक ट्रक को भगाकर खुली जगह की तरफ ले गया, ताकि बड़ा हादसा टाला जा सके। लोगों ने बनाई वीडियो आग की ऊंची लपटों के कारण सड़क पर चल रहे अन्य वाहन चालक भी डर गए और काफी दूरी बनाकर चलते रहे। कई लोगों ने ट्रक की वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर की। स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। इसके बाद फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक ट्रक में लदी पूरी रुई जलकर राख हो चुकी थी और ट्रक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, खाली जगह पर ट्रक रोकने के बाद ड्राइवर मौके से कहीं चला गया, जिसके बाद उसका कोई पता नहीं चल पाया। गनीमत यह रही कि हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।