मोतिहारी में शुक्रवार देर रात एक होलसेल दुकान में आग लग गई। देर रात करीब साढ़े 12 बजे लगी आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी दो मंजिला इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी भयावह थी कि दूर से ही लपटें दिखाई दे रहीं थीं। पूरा इमारत किसी भट्टी की तरह जलती दिखाई दी। दरअसल, दो मंजिला मकान के निचले तल्ले पर दुकान थी, ऊपर दुकान मालिक की फैमिली रहती थी। इस आग में दो बच्चों समेत तीन की जलकर मौत हो गई, जबकि 2 लोग घायल हैं। घटना ढाका प्रखंड अंतर्गत बड़हरवा फतेह मोहम्मद गांव की है। घर में फंसे दुकान के मालिक बचने के लिए खिड़की तोड़कर छत से कूद गए, हालांकि उनकी हालत गंभीर है। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की छोटी-बड़ी 6 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब साढ़े 7 घंटे बाद आग पर काबू पाया गया। आग की कुछ तस्वीरें देखिए… छत से कूदे दुकान के मालिक, ऑटो पर गिरे चौकीदार बलराम प्रसाद यादव ने बताया, रात में गांव में मैं पहरा दे रहा था। इसी बीच मैंने राजकुमार साह के दुकान से आग की लपटें निकली देखी। इसके बाद मैंने शोर मचाना शुरू किया। आग की धधक इतनी ज्यादा थी कि कोई भी रोड पर खड़ा तक नहीं हो रहा था। आग की लपटों के बीच राजकुमार साह छत से कूद गए, वो नीचे खड़े ऑटो पर गिरे। वो गंभीर रूप से घायल हो गए थे, फिलहाल उनका मोतिहारी में इलाज चल रहा है। वहीं एक ग्रामीण विजय बैठा भी जख्मी हैं। दुकान मालिक के 2 बच्चों, स्टाफ की मौत चौकीदार के मुताबिक, हादसे के वक्त घर में 2 बच्चे और एक स्टाफ सो रहा था। वो तीनों जिंदा जल गए। मृतकों की पहचान राजकुमार साह के 2 बच्चों बेटे रुद्र(8), बेटी सृष्टि(10) और झरोखर थाना के भंगहा निवासी स्टाफ प्रिंस कुमार के तौर पर हुई है। राज कुमार साह की पत्नी नीरा गुप्ता 5 मई को अपने तीनों बच्चों के साथ अपनी बहन के बेटे की शादी में पताही गई थी। 7 मई को शादी समारोह खत्म हुआ। दोनों बच्चों का स्कूल मिस नहीं हो, इसलिए 8 मई को राज कुमार अपने एक बेटा और बेटी को लेकर घर लौट आए। वहीं उनकी पत्नी छोटी बेटी के साथ वहीं रह गई थी। दमकल की 6 गाड़ियों ने पाया काबू बलराम प्रसाद ने बताया कि जिस दुकान में आग लगी है, वो राज कुमार का पुश्तैनी दुकान है। लगभग 40 साल पहले वो उनके पिता ने खोला था। वक्त के साथ उसमें बढ़ोतरी हुई और राज कुमार ने उसे मौल का रूप दे दिया। दमकल की तीन बड़ी गाड़ियों और 3 छोटी गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। गाड़ियों का पानी खत्म हो गया, इसके बाद पास के घर से टैंक भरा गया और आग बुझाई गई। सारा सामान जला, लाखों का नुकसान हालांकि, जब तक आग बुझाई गई, तब तक दुकान में रखा भारी मात्रा में किराना और अन्य सामान पूरी तरह जलकर राख हो चुका था। घटना के बाद प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है। आग लगने के कारणों का अब तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है।