सोनीपत निगम चुनाव के लिए पोलिंग पार्टियां बूथों पर रवाना:बिट्स कॉलेज मोहाना से इलेक्शन सामग्री वितरित, वोटिंग कल; सुरक्षा के कड़े इंतजाम

सोनीपत में निगम चुनाव को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और निष्पक्ष ढंग से संपन्न करवाने के लिए प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह से एक्टिव मोड में नजर आ रहा है। शनिवार को मोहाना स्थित बिट्स कॉलेज से अलग-अलग बूथों के लिए पोलिंग पार्टियों को चुनाव सामग्री के साथ रवाना किया गया है और पोलिंग पार्टियां बूथ पर पहुंचना शुरू हो गई हैं। कॉलेज परिसर में विशेष व्यवस्थाएं की गई और कर्मचारियों को चुनाव संबंधी जरूरी दिशा-निर्देश देने के बाद उन्हें चुनाव सामग्री दी गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह ईमानदारी और निष्पक्षता के साथ संपन्न करवाई जाएगी तथा किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या नियम उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। 264 मतदान केंद्र बनाए गए सोनीपत नगर निगम चुनाव के लिए कुल 264 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से 15 बूथ संवेदनशील और दो बूथ अति संवेदनशील घोषित किए गए हैं, जहां सुरक्षा के विशेष इंतजाम रहेंगे। चुनाव में मेयर पद के लिए 9 प्रत्याशी मैदान में हैं, जबकि 22 वार्डों में 89 पार्षद उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। 10 मई को होने वाले मतदान में कुल 2 लाख 96 हजार 108 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 1 लाख 53 हजार 411 पुरुष, 1 लाख 42 हजार 690 महिला और अन्य श्रेणी के 7 मतदाता शामिल हैं। बिट्स कॉलेज से रवाना हुई पोलिंग पार्टियां मोहाना स्थित बिट्स कॉलेज में पोलिंग पार्टियों को मतदान सामग्री वितरित की गई। प्रत्येक बूथ पर कर्मचारियों की अलग-अलग ड्यूटी लगाई गई है और चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से पूरा करवाने के लिए प्रशासन द्वारा विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसी कॉलेज परिसर में स्ट्रांग रूम और मतगणना केंद्र भी बनाया गया है। मतदान के बाद सभी ईवीएम मशीनों को कड़ी सुरक्षा के बीच यहां रखा जाएगा और 13 मई को यहीं मतगणना होगी। मतदान केंद्रों पर रहेगी सभी मूलभूत सुविधाएं जिला प्रशासन ने दावा किया है कि सभी मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं की व्यापक व्यवस्था की जाएगी। मतदाताओं के लिए पीने के पानी, एम्बुलेंस, डॉक्टर और टेंट की सुविधा उपलब्ध रहेगी, ताकि लाइन में लगने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। इसके अलावा मतदान केंद्रों का लाइव टेलीकास्ट भी निर्वाचन आयोग हरियाणा की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से किया जाएगा। मोबाइल फोन और टेंट लगाने पर पाबंदी निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदान केंद्रों के भीतर मोबाइल फोन ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। मतदान के दौरान फोटो खींचने की भी अनुमति नहीं होगी। यदि कोई कर्मचारी या मतदाता नियमों का उल्लंघन करता पाया गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही मतदान केंद्र के 200 मीटर के दायरे में किसी भी राजनीतिक दल या उम्मीदवार को टेंट लगाने की अनुमति नहीं होगी। प्रशासन ने इस पर सख्ती से प्रतिबंध लगाने के आदेश जारी किए हैं। सुरक्षा के लिए भारी पुलिस बल तैनात नगर निगम चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए पुलिस विभाग ने भी व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। पुलिस कमिश्नर खुद मैदान में उतरेंगे। चुनाव ड्यूटी में 4 डीसीपी, 8 एसीपी, 30 इंस्पेक्टर और करीब 1500 पुलिस कर्मचारियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा शहर और आसपास के क्षेत्रों में 18 पुलिस नाके लगाए गए हैं तथा एंट्री और एग्जिट पॉइंट्स पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है। कांग्रेस-बीजेपी के बीच कांटे की टक्कर सोनीपत नगर निगम चुनाव में इस बार कांग्रेस और बीजेपी के बीच सीधा और दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल रहा है। दोनों दलों के नेताओं और प्रत्याशियों ने चुनाव प्रचार के दौरान एक-दूसरे पर जमकर आरोप-प्रत्यारोप लगाए और अपने पक्ष में मतदान करने की अपील की। खास बात यह है कि नगर निगम क्षेत्र में करीब 75 हजार से अधिक पंजाबी वोटर हैं, जिन्हें चुनाव में निर्णायक माना जा रहा है। मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए अपील जिला प्रशासन लगातार लोगों से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए हर मतदाता का वोट बेहद महत्वपूर्ण है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चुनाव पूरी निष्पक्षता और शांति के साथ संपन्न करवाया जाएगा तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या गड़बड़ी फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *