पलवल में ट्रेन से कटकर लड़की की मौत:सुसाइड किए जाने की आशंका, घर से हुई थी लापता, युवक करता था चैटिंग

पलवल जिले में 7 मई की रात घर से लापता हुई नौवीं कक्षा की 16 वर्षीय छात्रा गौरी का शव 8 मई को रेलवे लाइन से बरामद हुआ। छात्रा की गुमशुदगी का मामला कैंप थाना में दर्ज था। राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। आदर्श कॉलोनी, पलवल निवासी कृष्ण ने शिकायत में बताया कि उनके छोटे भाई सोनू की बेटी गौरी 7 मई की रात करीब 12 बजे घर से अचानक लापता हो गई थी। परिजनों ने रातभर उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने कैंप थाना की किठवाड़ी चौक स्थित पुलिस चौकी में लिखित शिकायत दी। इंस्टाग्राम के जरिए लड़की से बात करता था युवक कैंप थाना पुलिस ने इस संबंध में गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज कर छात्रा की तलाश शुरू कर दी थी। शिकायत में कृष्ण ने आरोप लगाया था कि सौरभ नामक एक युवक से गौरी की चैट और इंस्टाग्राम के जरिए बातचीत होती थी। उन्होंने इस बातचीत का पूरा रिकॉर्ड उसी समय कैंप पुलिस को सौंप दिया था। 8 मई को जीआरपी को किठवाड़ी रेलवे क्रॉसिंग के निकट एक लड़की का शव मिला। सूचना मिलने पर परिजन जिला नागरिक अस्पताल की मोर्चरी पहुंचे और शव की पहचान गौरी के रूप में की। परिजनों ने जीआरपी को बताया कि गौरी ने किसी ट्रेन से कटकर आत्महत्या की है। परिजनों ने पुलिस से की कार्रवाई किए जाने की मांग परिजनों ने जीआरपी से पोस्टमार्टम कराने का अनुरोध किया और कहा कि आगे की कार्रवाई वे कैंप थाना पुलिस से कराना चाहते हैं, क्योंकि उनकी गुमशुदगी का मामला पहले से ही कैंप थाना में दर्ज है। कैंप थाना पुलिस द्वारा मामले में आगे की जांच की जाएगी। जिसके संबंध में कैंप थाना पुलिस का कहना है कि गुमशुदगी का मामला दर्ज है, लेकिन अभी लड़की की मौत के बाद परिजनों ने कोई लिखित शिकायत उन्हें नहीं दी है। शिकायत मिलने पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *