सोनीपत में वोट से पहले सूट बांटने का CCTV वायरल:पार्षद का नाम लेकर महिलाएं बोलीं-हम बिकने वाली नहीं हैं, सूटों में आग लगाई

सोनीपत नगर निगम चुनाव से ठीक एक दिन पहले वार्ड नंबर-15 में वोटरों को प्रभावित करने के आरोपों ने सियासी माहौल गरमा दिया है। सोशल मीडिया पर एक सीसीटीवी वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ युवक घर-घर जाकर महिलाओं को सूट बांटते दिखाई दे रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि वीडियो में वार्ड नंबर-15 से आजाद प्रत्याशी पवन तनेजा भी नजर आ रहे हैं। वहीं दूसरा वीडियो भी वायरल हुआ है, जिसमें महिलाएं कथित तौर पर मिले सूटों को गली में फेंककर आग लगाती दिखाई दे रही हैं। हालांकि, इन वायरल वीडियो की पुष्टि दैनिक भास्कर एप नहीं करता है। मामले को लेकर रिटर्निंग ऑफिसर ने शिकायत मिलने पर जांच और कार्रवाई की बात कही है। घर-घर जाकर सूट बांटने का दावा नगर निगम के मेयर और पार्षद चुनाव के लिए शनिवार को मतदान होना है। इससे पहले सोशल मीडिया पर करीब 2 मिनट 19 सेकंड का एक सीसीटीवी वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो वार्ड नंबर-15 का है, जिसमें कुछ युवक रात के समय गली में घूमते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में सबसे पहले दो युवक गली में आते नजर आते हैं। इनमें से एक युवक के हाथ में सामान से भरा कट्टा दिखाई देता है, जिसे वह एक मकान के कोने पर रख देता है। कुछ सेकंड बाद चार अन्य लोग भी उसी गली में पहुंचते हैं। दावा किया जा रहा है कि इनमें वार्ड नंबर-15 से आजाद प्रत्याशी पवन तनेजा भी शामिल हैं। दरवाजे खटखटाकर महिलाओं को दिए जा रहे सूट वायरल वीडियो में कुछ युवक अलग-अलग घरों के दरवाजे खटखटाते दिखाई दे रहे हैं। एक युवक के साथ खड़े व्यक्ति को पवन तनेजा बताया जा रहा है। वीडियो में अलग-अलग युवकों के हाथों में सूट से भरे कट्टे दिखाई दे रहे हैं। एक जगह पर दरवाजा खटखटाने के बाद जब कोई बाहर नहीं निकलता तो सामने वाले घर से एक महिला बाहर आती दिखाई देती है। वहीं दूसरी तरफ युवक बारी-बारी से घरों में जाकर सामान देते नजर आ रहे हैं। एक अन्य दृश्य में गली में रहने वाला एक व्यक्ति बाहर निकलकर एक युवक से गले मिलता भी दिखाई देता है। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
दूसरा वीडियो भी वायरल, महिलाओं ने जताया विरोध सूट बांटने वाले वीडियो के बाद सोशल मीडिया पर एक और वीडियो वायरल हुआ है। इस वीडियो में कुछ महिलाएं गली में सूट फेंकती और विरोध करती दिखाई दे रही हैं। महिलाएं वीडियो में कह रही हैं कि उन्हें सूट देकर वोट खरीदने की कोशिश की जा रही है और वे बिकने वाली नहीं हैं। वीडियो में कुछ महिलाएं एक पार्टी के समर्थन में नारेबाजी करती भी सुनाई दे रही हैं। इसके बाद महिलाएं कथित तौर पर मिले सूटों को गली में एक जगह इकट्ठा कर देती हैं और उनमें आग लगा दी जाती है। रिटर्निंग अधिकारी बोले- शिकायत पर होगी कार्रवाई मामले को लेकर रिटर्निंग ऑफिसर सुभाष चंद्र का कहना है कि अभी तक किसी भी पार्टी या प्रत्याशी की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि यदि शिकायत दी जाती है तो पूरे मामले की जांच कर नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी। प्रत्याशी पवन तनेजा से नहीं हो सका संपर्क मामले में पक्ष जानने के लिए आजाद प्रत्याशी पवन तनेजा से कई बार फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया। उन्हें व्हाट्सएप पर भी संदेश भेजा गया, लेकिन उनकी ओर से कोई जवाब नहीं मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *