पंजाब- युवक की गोली मारकर हत्या:रोपड़ में मर्डर के बाद आरोपी ने वीडियो डाला, बोला- भाई के कत्ल का बदला लिया

रोपड़ के नूरपुर बेदी में देर रात युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के कुछ ही देर बाद एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें शाहपुर के रहने वाले हरजोत सिंह सिद्धू ने इस हत्याकांड की जिम्मेदारी ली है। मृतक की पहचान शाहपुर बेला निवासी हरम सिंह के रूप में हुई है। वायरल वीडियो में हरजोत सिंह सिद्धू ने दावा किया है कि हरम सिंह ने 13 मई 2019 को उसके भाई सुखवेंद्र सिंह की हत्या की थी। हरम सिंह चार साल जेल में रहने के बाद जमानत पर बाहर आया था। हरजोत के अनुसार, जमानत पर बाहर आने के बाद हरम सिंह उसे लगातार धमकियां दे रहा था। हरजोत ने वीडियो में आरोप लगाया कि हरम सिंह का अहंकार बढ़ गया था और वह अकसर बच्चों के सामने पिस्तौल दिखाकर केस वापस लेने का दबाव बनाता था। हरजोत के मुताबिक वारदात की रात नूरपुर बेदी में हरम सिंह अपने तीन-चार साथियों के साथ मिला और फिर से उसे उकसाने व धमकाने लगा। तंग आकर आत्मरक्षा में कदम उठाया
हरजोत ने वीडियो में कहा कि उसने यह कदम गुलामी और डर से तंग आकर आत्मरक्षा में उठाया है। उसने यह भी स्पष्ट किया कि उसने जो कुछ भी किया है, वह पूरे होश-ओ-हवास में सोच-समझकर किया है। पुलिस तैनात, फोरेंसिक टीम पहुंची
इस वारदात के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस वायरल वीडियो की फोरेंसिक जांच कर रही है। पंजाब की अन्य खबरें भी पढ़ें… अबोहर में युवक ने बीच सड़क पर खुद का गला काटा अबोहर में युवक ने तेजधार हथियार से अपना गला रेतकर आत्महत्या का प्रयास किया। युवक ने सड़क के बीचों-बीच इस कदम को अंजाम दिया और कुछ देर वहां बैठने के बाद डिवाइडर पर लेट गया। मौके पर मौजूद राहगीरों ने तुरंत 108 एम्बुलेंस को इसकी सूचना दी, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में सरकारी अस्पताल ले जाया गया। युवक की हालत नाजुक है। डॉक्टरों के मुताबिक उसके गले का काफी हिस्सा कट चुका था। इलाज के दौरान युवक ने काफी मशक्कत पैदा की। जब डॉक्टरों ने उसके घाव पर पट्टियां बांधीं, तो उसने खुद ही उन्हें उखाड़ फेंकने की कोशिश की। उसे फरीदकोट और फिर वहां से एम्स बठिंडा रेफर कर दिया गया है। (पढ़ें पूरी खबर) मोहाली के मैरिज पैलेस में भीषण आग, लाखों का नुकसान मोहाली में पटियाला-जीरकपुर रोड पर स्थित निजी मैरिज पैलेस के पीछे रखे कबाड़ में भीषण आग लग गई। आग ने कुछ ही पलों में विकराल रूप ले लिया, जिसे बुझाने के लिए जीरकपुर के अलावा डेराबस्सी, पंचकूला से भी दमकल की 12 गाड़ियां बुलाई गईं। आग से क्रॉकरी, सोफा और सजावट के सामान को नुकसान पहुंचा है। नुकसान लाखों रुपए का बताया जा रहा है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। शॉर्ट सर्किट को इसकी मुख्य वजह माना जा रहा है। दमकल कर्मियों ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। (पढ़ें पूरी खबर) अमृतसर जेल में बंद युवक की मौत, शरीर पर मिले इंजेक्शन के निशान अमृतसर में गुरु नानक देव अस्पताल में उपचाराधीन कैदी लवप्रीत सिंह की मौत हो गई। पिछले करीब ढाई साल से जेल में बंद लवप्रीत की मौत को लेकर उसके परिजनों ने जेल प्रशासन और अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित परिवार ने मामले की उच्च स्तरीय जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। मृतक की बहन और अन्य परिजनों का कहना है कि लवप्रीत लंबे समय से बीमार चल रहा था। लेकिन जेल प्रशासन ने न तो उसका उचित इलाज करवाया और न ही परिवार को उसकी गिरती सेहत के बारे में सूचित किया। परिजनों का दावा है कि जब लवप्रीत की हालत ज्यादा नाजुक हो गई, तब उसे अस्पताल लाया गया। जहां समय पर कोई जिम्मेदार डॉक्टर या अधिकारी उसकी देखभाल के लिए मौजूद नहीं था। (पढ़ें पूरी खबर) फरीदकोट में शादी के 1 साल बाद विवाहिता की मौत फरीदकोट जिले के जैतो में एक विवाहिता की मौत हो गई। उसका शव फंदे पर लटका मिला था। उसके पति ने सबूत मिटाने की नीयत से जल्दबाजी में उसका अंतिम संस्कार करने का प्रयास किया। शिकायत के बाद थाना जैतो पुलिस ने मृतका के पति के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने और साक्ष्य मिटाने की धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में फैजाबाद, उत्तर प्रदेश के गांव कर्मा कंडोरी के रहने वाले विष्णु कुमार ने बताया कि उसकी बड़ी बहन लक्ष्मी (25) की शादी करीब एक वर्ष पहले 17 मई, 2025 को जैतो के गौशाला रोड निवासी समीर के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही समीर उसकी बहन को मानसिक रूप से परेशान करता था और उसे मायके वालों से मिलने भी नहीं देता था। (पढ़ें पूरी खबर) अमृतसर में 100 करोड़ की जमीन पर 2 गुट भिड़े
अमृतसर के मजीठा रोड स्थित एसजी इनक्लेव में शनिवार रात लगभग 100 करोड़ रुपए मूल्य की जमीन को लेकर एक बड़ा विवाद सामने आया है, जिसने इलाके में तनाव का माहौल पैदा कर दिया है। यह मामला लगभग 40 एकड़ जमीन से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है, जिस पर दो पक्षों के बीच लंबे समय से स्वामित्व को लेकर विवाद चल रहा था। अब यह विवाद खुलकर सामने आ गया है, जब दोनों पक्ष एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाने लगे। पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच प्लॉट और साझा जमीन के उपयोग को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हंगामे और झगड़े में बदल गई। घटना की सूचना 112 हेल्पलाइन पर मिलने के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। इस दौरान कुछ लोगों के घायल होने की भी जानकारी मिली, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। (पढ़ें पूरी खबर) लुधियाना में चलते ट्रक में लगी आग, ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान लुधियाना जिले के चौकीमान के नजदीक शनिवार आधी रात करीब एक बजे चलते ट्रक में अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि ट्रक की बैटरी में शॉर्ट सर्किट होने से कैबिन में आग भड़क उठी। आग लगते ही ट्रक से धुआं निकलने लगा, जिसे देखकर ड्राइवर भी डर गया और तुरंत ब्रेक मारकर ट्रक से कूद गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की तेज लपटों और गर्मी के कारण ट्रक में बम फटने की आवाज जैसे धमाके हुए। कुछ ही मिनटों में ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह आग की चपेट में आ गया। (पढ़ें पूरी खबर)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *