गुरुग्राम में पत्नी के हत्यारोपी ने बरेली में किया सुसाइड:कैनाल में मिली डेडबॉडी, पकड़ने के लिए पुलिस दे रही थी दबिश

गुरुग्राम शहर में छह मई को पत्नी रेखा की हत्या करने के आरोपी गौरव का शव रविवार को बरेली के शेरगढ़ इलाके में उसके घर से एक किमी दूर ढोड़ा नदी में मिला है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव निकलवाया। गुरुग्राम पुलिस कई दिन से गौरव की तलाश कर रही थी। आशंका है कि इसी से घबराकर उसने आत्महत्या कर ली होगी। आज शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। बरेली पुलिस द्वारा गुरुग्राम पुलिस को सूचना दे दी गई है। बताया जा रहा है कि पत्नी की हत्या के बाद गौरव अपने पैतृक गांव ब्योधा पहुंचा था। जहां परिवार में शादी समारोह चल रहा था। गुरुग्राम पुलिस ने गांव में दबिश दी, लेकिन गौरव पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था। परिजनों के मुताबिक 7 मई को वह कुछ देर के लिए घर लौटा था और फिर गायब हो गया। जिसके बाद से उसका कोई पता नहीं चला था। किसान ने देखी डेडबॉडी रविवार को एक किसान ढोडा नदी किनारे खेत पर सिंचाई कर रहा था, तभी उसने नदी में एक शव बहता देखा। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान गौरव चौहान के रूप में की। पत्नी के चरित्र पर करता था शक पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच में सामने आया था कि आरोपी गौरव अपनी पत्नी रेखा के चरित्र पर शक करता था। वारदात को अंजाम देने के लिए पति गौरव ने तीन दिन पहले ही पूरी प्लानिंग कर ली थी। इसके लिए उसने अपने दोनों बच्चों को यूपी के बरेली में दादा-दादी के पास भेज दिया था। सब्जी काटने वाले चाकू से मारा वारदात वाले दिन यानि बुधवार की अल सुबह चार बजे वह ड्यूटी से लौटा, तो पत्नी से झगड़ा करने लगा। इसके बाद चाकू से ताबड़तोड़ पर वार किए। रेखा अपनी जान बचाने के लिए खून से लथपथ हालत में गली में दौड़ने लगी। वह 100 मीटर भी नहीं दौड़ सकी और सड़क किनारे गिर गई। ज्यादा खून बहने से उसकी मौत हो गई। 2014 में भी हुई थी गौरव पर FIR मृतक रेखा के मौसेरे भाई सुमित ने बताया कि गौरव का स्वभाव शुरू से ही हिंसक रहा है। उन्होंने खुलासा किया कि साल 2014 में भी गौरव ने रेखा और उसके मासूम बच्चे को रस्सी से बांधकर बेरहमी से पीटा था। उस समय यह परिवार उत्तर प्रदेश में रहता था और वहां गौरव के खिलाफ FIR भी दर्ज कराई गई थी। पिछले 3-4 वर्षों से यह परिवार गुरुग्राम में रह रहा था, लेकिन यहां भी गौरव की प्रताड़ना कम नहीं हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *