लुधियाना के सलेम टाबरी थाना इलाके से मामला सामने आया है। पीएनबी बैंक वाली गली जहाँ एक अचार फैक्ट्री के पास 20 वर्षीय नौजवान पर कुछ बदमाशों ने तेजधार हथियारों (दात) से जानलेवा हमला कर दिया। इस पूरी घटना का एक खौफनाक CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि कैसे कई युवक मिलकर एक अकेले नौजवान को बेरहमी से हथियारों से काट रहे हैं। गंभीर रूप से घायल युवक की पहचान मनराजप्रीत सिंह (20 वर्ष) के रूप में हुई है, जिसकी हालत नाजुक होने के कारण उसे चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है।पीड़ित के पिता करनैल सिंह ने पत्रकार पंकज मिश्रा को फोन पर जानकारी देते हुए बताया कि यह घटना10 तारीक करीब की है। उनका बेटा मनराजप्रीत दुकान से अगले चौक की तरफ मुड़ रहा था तभी वहां से गुजर रहे कुछ युवकों ने उसे रोक कर कहा ओए गाड़ी धीरे चलाया कर। इसी मामूली बात पर उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी। पिता के मुताबिक हमलावरों ने दो बार हमला करने की कोशिश की। पहली बार जब वे आए तो मौके पर भीड़ होने के कारण वे वहां से चले गए। लेकिन कुछ देर बाद जब भीड़ कम हो गई, तो करीब 8 बदमाश नशे की हालत में तेजधार हथियारों के साथ दोबारा आए और मनराजप्रीत पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। CCTV फुटेज में कैद हुई दरिंदगी: सामने आए CCTV फुटेज में साफ नजर आ रहा है कि हमलावर पूरी तैयारी के साथ आए थे। उन्होंने अकेले युवक को घेर लिया और उस पर दात जैसे तेजधार हथियारों से हमला किया। पिता ने बताया कि मनराजप्रीत के पेट और कंधों पर गंभीर चोटें आई हैं। घायल मनराजप्रीत को तुरंत लुधियाना के सिविल अस्पताल ले जाया गया था। लेकिन चोटें इतनी गहरी थीं और हालत इतनी नाजुक थी कि डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उसे चंडीगढ़ रेफर कर दिया। फिलहाल परिवार चंडीगढ़ में बच्चे के इलाज में जुटा हुआ है और लगातार उसके टेस्ट और अल्ट्रासाउंड किए जा रहे हैं। पिता करनैल सिंह ने बताया कि अस्पताल में MLR (मेडिको-लीगल रिपोर्ट) कटवा दी गई है, लेकिन बेटे की गंभीर हालत के चलते वे अभी तक थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं करवा पाए हैं। बदमाशों को राजनीतिक शह का आरोप: पीड़ित के पिता ने हमलावरों को आदतन अपराधी और गुंडागर्दी करने वाले बताया है। उनका आरोप है कि ये लोग अक्सर इलाके में दहशत फैलाते हैं और दुकानदारों व आम लोगों के साथ मारपीट करते हैं लेकिन राजनीतिक शह और खौफ के कारण कोई इनके खिलाफ शिकायत करने की हिम्मत नहीं जुटा पाता। फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है और परिवार जल्द ही वापस आकर हमलावरों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और अपनी सुरक्षा की मांग करेगा।