लुधियाना के काकोवाल इलाके से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला एक मामला सामने आया है। यहाँ एक बेजुबान और बेसहारा कुत्ते पर इस कदर कहर ढाया गया कि उसकी जान पर बन आई है। एक महिला ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए डंडों से पीट-पीटकर कुत्ते को अधमरा कर दिया। पुलिस ने इस मामले में पशु प्रेमी संस्था की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फोन पर मिली थी तड़पते बेजुबान की सूचना हेल्प फॉर एनिमल्स संस्था के प्रधान और पीपल फॉर एनिमल्स के सदस्य मनी सिंह ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि उन्हें कविता नाम की एक महिला का फोन आया था। सूचना मिली थी कि जस्पाल कॉलोनी,गली नंबर 6 काकोवाल में एक महिला कुत्ते को बेरहमी से डंडों से पीट रही है।
सिर पर लगे गहरे घाव,हालत नाजुक मनी सिंह जब तुरंत मौके पर पहुंचे,तो उन्होंने देखा कि कुत्ते की हालत बेहद नाजुक थी। आसपास के लोगों ने बताया कि यह सब्बू निशा उर्फ चिड़िया नाम की महिला ने किया है। बिना समय गंवाए मनी सिंह ने घायल कुत्ते को वधवा वेट क्लीनिक में भर्ती करवाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि डंडों के वार से कुत्ते के सिर में काफी गहरी चोटें आई हैं। थाना मेहरबान पुलिस का एक्शन पशु प्रेमी मनी सिंह की शिकायत और कॉलोनी निवासियों के बयानों के आधार पर पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया है। थाना मेहरबान की पुलिस ने आरोपी महिला सब्बू निशा उर्फ चिड़िया के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1990 की धारा 11 के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है।