जालंधर में गोलीबारी में BJP नेता मोनू पुरी घायल:समझौते को बुलाई मीटिंग में खूनी संघर्ष, एक पक्ष ने की फायरिंग; हालात तनावपूर्ण

जालंधर में स्थित मकसूदां सब्जी मंडी गोलियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठी। मंडी में दो पक्षों के बीच चल रहे पुराने विवाद को सुलझाने के लिए बुलाई गई एक पंचायत (मीटिंग) खूनी संघर्ष में बदल गई। इस दौरान एक पक्ष ने सरेआम फायरिंग कर दी, जिसमें वरिष्ठ भाजपा नेता मोनू पुरी के पैरों में गोलियां लगी हैं। घायल नेता को तुरंत सत्यम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। समझौते की मेज पर चला खूनी खेल जालंधर के मकसूदां इलाके में स्थित सब्जी मंडी में मंगलवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक फायरिंग शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि मंडी के 2 गुटों के बीच किसी बात को लेकर पिछले कुछ समय से मनमुटाव चल रहा था। इसी विवाद को शांतिपूर्ण ढंग से निपटाने के लिए दोनों पक्षों ने एक बैठक रखी थी। वरिष्ठ भाजपा नेता मोनू पुरी इस विवाद में मध्यस्थता करने और समझौता करवाने के लिए वहां मौजूद थे। मीटिंग के दौरान बातचीत शांति से चलने के बजाय अचानक गरमा गई। देखते ही देखते एक पक्ष के लोगों ने हथियार निकाल लिए और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। भाजपा नेता मोनू पुरी के पैरों में लगी गोली अस्पताल में उपचाराधीन मोनू पुरी ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि वे दोनों पक्षों में सुलह करवाने के मकसद से वहां गए थे। इसी बीच विवाद इतना बढ़ा कि हमलावरों ने उन पर गोलियां चला दीं। गोलियां मोनू पुरी के पैरों में लगी हैं, जिससे वे लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। इस वारदात में केवल मोनू पुरी ही नहीं, बल्कि तरुण बठला नाम के एक अन्य व्यक्ति के भी जख्मी होने की सूचना है। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार होने में कामयाब रहे। घायलों को तुरंत पास के सत्यम हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका उपचार कर रही है। मंडी के ही लोगों पर लगा आरोप घायल मोनू पुरी ने प्राथमिक बयानों में सब्जी मंडी के ही कुछ स्थानीय लोगों पर फायरिंग करने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि हमलावर समझौते की नीयत से नहीं, बल्कि पूरी तैयारी के साथ आए थे। सरेआम हुई इस वारदात ने मंडी की सुरक्षा व्यवस्था और कानून व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस की कार्रवाई शुरु वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस बल मकसूदा सब्जी मंडी और अस्पताल पहुंच गया। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है और वहां से खाली कारतूस बरामद किए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। फिलहाल, पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और घायलों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *