लुधियाना-ट्रेन में रिजर्व सीट को लेकर निहंगों का हंगामा:रिटायर्ड फौजी को हमला कर किया घायल, परिवार से भी मारपीट; एक आरोपी पकड़ा

लुधियाना रेलवे स्टेशन पर सफर के दौरान सीट के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। अमृतसर से अजमेर जाने वाली ट्रेन में रिजर्व सीट पर बैठे निहंगों ने एक परिवार के साथ मारपीट कर दी। इस हमले में परिवार के मुखिया जोकि पूर्व सैनिक (एक्स सर्विसमैन ) बताए जा रहे हैं, घायल हो गए हैं। मौके पर पहुंची जीआरपी (GRP) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक निहंग को काबू कर लिया है। सीट खाली करने को कहा तो शुरू कर दी गाली-गलौज जीआरपी एसएचओ जतिंदर सिंह ने बताया की प्राथमिक जानकारी के अनुसार यह पूरी घटना शाम करीब 6:30 बजे की है। एक परिवार लुधियाना से फिरोजपुर जाने के लिए अमृतसर-अजमेर ट्रेन में सवार हुआ था। परिवार ने अपनी सीटें पहले से बुक करवा रखी थीं। लेकिन जब वे सीट के पास पहुंचे तो वहां पहले से ही 3 निहंग बैठे हुए थे। परिवार ने उन्हें अपनी रिजर्व सीट से उठने के लिए कहा जिस पर निहंग भड़क गए और गाली-गलौज शुरू कर दी। टीटीई को बुलाने की बात पर किया हमला विवाद बढ़ता देख जब पीड़ित परिवार ने कहा कि वे टीटीई (TTE) को बुलाएंगे तो दबंगई दिखाते हुए आरोपियों ने कहा कि जिस मर्जी को बुला लो। देखते ही देखते माहौल इतना गरमा गया कि एक निहंग ने परिवार के मुखिया पर सीधा हमला कर दिया। इस अचानक हुए हमले में परिवार के मुखिया को काफी चोटें आईं। जिसके बाद दो निहंग वहां से भाग निकले बताया जा रहा है कि पीड़ित व्यक्ति सेना से रिटायर हैं। जीआरपी का एक्शन: एक आरोपी हिरासत में अस्पताल में चल रहा मेडिकल स्टेशन पर हंगामे की सूचना मिलते ही जीआरपी की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए मौके से ही एक निहंग को पकड़ लिया। इस हाथापाई में दोनों तरफ के लोगों को चोटें आई हैं। एसएचओ ने बताया कि पुलिस को ट्रेन में झगड़े की सूचना मिली थी जिसके बाद तुरंत टीम भेजी गई। घायलों को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा फिलहाल पुलिस ने घायलों को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेज दिया है। दोनों पक्षों की मेडिकल रिपोर्ट और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर जो भी तथ्य सामने आएंगे उसी के अनुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *